पीएम मोदी की यात्रा बेहद महत्वपूर्ण... अमेरिका ने कहा, उभरते हुए शक्तिशाली भारत का दिखाता है महत्व
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सम्मान में 22 जून को व्हाइट हाउस में रात्रि भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। वहीं, 23 जून को पीएम मोदी अमेरिकी संसद को संबोधित करेंगे।
PM Modi US Visit: अमेरिका के सीनियर डिप्लोमेट अतुल केशप ने सोमवार को कहा है, कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी अमेरिका की राजकीय यात्रा वैश्विक मामलों में भारत के बढ़ते महत्व और हमारे दोनों देशों के बीच गहरे होते संबंधों को रेखांकित करती है।
यूएस-इंडिया बिजनेस काउंसिल (USIBC) के अध्यक्ष केशप ने जोर देकर कहा, कि यह यात्रा "वास्तव में एक महत्वपूर्ण बात" है, क्योंकि यह भारत से संयुक्त राज्य अमेरिका की केवल तीसरी राजकीय यात्रा होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पहले जून 1963 में तत्कालीन राष्ट्रपति एस. राधाकृष्णन और नवंबर 2009 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अमेरिका की राजकीय यात्रा की थी। और अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिका की राजकीय यात्रा पर जा रहे हैं। वहीं, पीएम मोदी पहले ऐसे भारतीय होंगे, जो अमेरिकी संसद को दो बार संबोधित करेंगे। इससे पहले पीएम मोदी ने 2016 में अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित किया था।

अमेरिका की राजकीय यात्रा पर पीएम मोदी
अमेरिका के सीनियर डिप्लोमेट अतुल केशप ने कहा, कि "यह संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के लोगों के बीच दोस्ती और विश्वास का प्रतिबिंब है।"
पीएम मोदी को राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडेन ने आधिकारिक राजकीय यात्रा के लिए आमंत्रित किया है, जिसमें 22 जून को व्हाइट हाउस में राजकीय रात्रिभोज शामिल होगा। ऐतिहासिक यात्रा की तैयारी इस सप्ताह गति पकड़ने की उम्मीद है, जब अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन भारत की यात्रा पर होंगे, जहां वो भारत के एनएसए अजीत डोभाल के साथ आईसीईटी वार्ता के दूसरे दौर के लिए बैठक करेंगे।
वहीं, अमेरिका में भारतीय राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने जोर देकर कहा, कि राजकीय यात्रा का औपचारिक और महत्वपूर्ण हिस्सा "पूरी तरह से एक दूसरे का पूरक होगा और अद्वितीय होगा।"
उन्होंने कहा, कि "हम राष्ट्रपति बाइडेन के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी की संयुक्त राज्य अमेरिका की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा से एक हफ्ते दूर हैं। दोनों पक्षों में बहुत उत्साह है। मेरे पीएम हमारे स्वतंत्र इतिहास में केवल तीसरे भारतीय नेता हैं, जिन्हें यह सम्मान दिया गया है।"
संधू ने कहा, कि वह अमेरिकी कांग्रेस को दो बार संबोधित करने वाले एकमात्र भारतीय नेता बन जाएंगे।
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा, कि बाइडेन प्रशासन "दुनिया के सबसे पुराने और सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच एक अद्वितीय संबंध के रूप में परिभाषित संबंध" और "क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों का समाधान करने के लिए एक साझा प्रतिबद्धता में साझेदारी के महत्व को देखता है।"
उन्होंने आगे कहा, कि "पिछले साल, जैसा कि आप सभी जानते हैं, हमारे देशों के बीच व्यापार 191 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जिससे अमेरिका, भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार बन गया। अमेरिकी कंपनियों ने अब भारत में कम से कम 54 अरब डॉलर का निवेश किया है। अमेरिका में, भारतीय कंपनियों ने आईटी, फार्मास्यूटिकल्स जैसे क्षेत्रों में 40 अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया है, जिससे कैलिफोर्निया से जॉर्जिया तक 425,000 लोगों को नौकरियां मिली हैं।"












Click it and Unblock the Notifications