अमेरिका ने 3 करोड़ के मिसाइल से कैसे गिराया चीनी बैलून, देखिए बाइडेन का इशारा और चीनी जासूस ध्वस्त
अमेरिका ने चीन के जासूसी गुब्बारे को आसमान में ध्वस्त करने के लिए AIM-9X SIDEWINDER मिसाइल का इस्तेमाल किया था, जिसकी कीमत 3 करोड़ रुपये से कुछ ज्यादा है।

Chinese spy balloon: आखिरकार अमेरिका ने अपने आसमान में मंडरा रहे चीन के सर्विलांस बैलून को मार गिराया है और इसके लिए अमेरिका ने अपने फाइटर जेट्स का इस्तेमाल किया है। अमेरिकी फाइटर जेट ने दक्षिण कैरोलिना के तट पर संदिग्ध चीनी जासूसी बैलून को मार गिराया है और अब उसका वीडियो भी सामने आ गया है, जब आसमान में अमेरिकी मिसाइल लगने के बाद चीनी बैलून एक धमाके के साथ उड़ गया।

चीनी जासूसी बैलून को US ने उड़ाया
पेंटागन के अधिकारियों ने कहा है, कि चीनी जासूसी बैलून पिछले कुछ दिनों से लगातार उत्तरी अमेरिका के ऊपर उड़ान भर रहा था, जिसकी वजह से वॉशिंगटन और बीजिंग के बीच भी राजनयिक विवाद शुरू हो गया था। वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने अपना बीजिंग दौरा भी रद्द कर दिया था। लेकिन, अंत में राष्ट्रपति जो बाइडेन की इजाजत मिलने के बाद अमेरिकी एफ-22 फाइटर जेट से मिसाइल दागकर चीनी जासूसी बैलून को उड़ा दिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, मिसाइल लगने के बाद जासूसी बैलून समुद्र में गिर गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने चीनी जासूसी बैलून को मार गिराने के लिए अपने वायुसेना के F-22 रैप्टर विमान से AIM-9X SIDEWINDER मिसाइल का इस्तेमाल किया था, जिसकी कीमत 3 करोड़ 13 लाख रुपये है।
समुद्र में गिरा बैलून का मलबा
अमेरिकी रक्षा विभाग के अधिकारियों ने मीडिया से बात करते हुए कहा, कि बैलून का मलबा दक्षिण कैरोलिना के पास मायर्टल बीच पर समुद्र में 47 फीट की गहराई पर गिर गया है, जिसे निकाला जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, बैलून का मलबा सात मील के दायरे में फैला हुआ है, जिसे नौसेना के दो जहाजों की मदद से बाहर निकाला जाएगा। मलबा निकालने के लिए नौसेना के जहाज पर भारी क्रेन का इस्तेमाल किया जाएगा। पेंटागन के एक बयान में, एक वरिष्ठ अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने कहा, कि "जबकि हमने चीन के सर्विलांस बैलून को संवेदनशील सूचनाओं को जमा करने से बचने के लिए हर संभव कदम उठाए और निगरानी गुब्बारे को अमेरिकी क्षेत्र के ऊपर से उड़ने से हटाना हमारे लिए खुफिया महत्व का था। अमेरिकी अधिकारी ने कहा, कि हम चीनी गुब्बारे की जांच करेंगे, कि आखिर उसका मकसद क्या था और उनमें क्या उपकरण लगे हुए थे।

3 करोड़ के मिसाइल से हमला
अमेरिका ने चीन के जासूसी गुब्बारे को आसमान में ध्वस्त करने के लिए AIM-9X SIDEWINDER मिसाइल का इस्तेमाल किया था, जिसकी कीमत 3 करोड़ रुपये से कुछ ज्यादा है। अमेरिका की ये मिसाइल हवा से हवा में मार करने वाली एडवांस मिसाइल है, जिसे अमेरिकी आर्म्स कंपनी रेथियॉन ने विकसित किया है। डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, AIM-9X SIDEWINDER मिसाइल का इस्तेमाल अमेरिका की वायुसेना और नौसेना करती है, जो अपने लक्ष्य को भेदने के लिए इंन्फ्रारेड टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करती है। सबसे दिलचस्प बात ये है, कि इस अमेरिकी मिसाइल को दुनियाभर के 24 देशों की नेवी इस्तेमाल करती है और इस मिसाइल की आपूर्ति नाटो के सदस्य देशों के अलावा उन्हीं देशों को की जाती है, जो अमेरिका के खास सहयोगी हैं।

कितनी खतरनाक है ये मिसाइल?
AIM-9X SIDEWINDER मिसाइल एक ट्रिपल-अटैक मिसाइल है, जिसका उपयोग बिना किसी मॉडिफिकेशन के हवा से हवा में मार करने, सतह पर हमला करने और सतह पर लॉन्च करने के मिशन के लिए किया जा सकता है। ये मिसाइल एडवांस इन्फ्रारेड-ट्रैकिंग, शॉर्ट-रेंज मिसाइल दुनिया भर के कई थिएटरों में युद्ध में इस्तेमाल की जा चुकी है और ये मिसाइल अपने आप को सिद्ध कर चुकी है। इस मिसाइल को, F-15सी ईगल, F-15ई स्ट्राइक ईगल, F-16 फाइटिंग फाल्कन, F/A-18 सुपर हॉर्नेट, E/A-18जी ग्रोलर समेंत आधुनिक विमानों में सेट किया जा सकता है। अमेरिकी वायुसेना अपने F-22 और F-35 फाइटर जेट के जरिए इस मिसाइल का इस्तेमाल करती है।












Click it and Unblock the Notifications