अमेरिका ने प्लेन से ईरान भेजा था 400 मिलियन डॉलर कैश!
वाशिंगटन। राष्ट्रपति बराक ओबामा के जाते-जाते एक नया विवाद अब उनके सिर पर आ पड़ा है। वॉल स्ट्रीट जनरल ने अमेरिकी और यूरोपियन अधिकारियों के हवाले जो खबर छापी है उसके मुताबिक तेहरान में अमेरिकी नागरिकों की रिहाई के लिए ईरान के साथ ओबामा एडमिनिस्ट्रेशन ने एक सीक्रेट डील की थी।

वॉल स्ट्रीट का दावा है कि एक सीक्रेट डील के जरिए अमेरिका ने 400 मिलियन डॉलर की रकम कैश ईरान को भेजी थी और वह भी एक प्लेन के जरिए।
वॉल स्ट्रीट के मुताबिक एक कार्गो प्लेन में यूरो, स्विस फ्रैंक्स और दूसरी करेंसियों को डिब्बों में भरकर ईरान रवाना किया गया था। इस रकम को नीदरलैंड और स्विट्जरलैंड के सेंट्रल बैंकों से अमेरिका ने ली थी।
'द वॉल स्ट्रीट जनरल' अखबार की खबर के अनुसार अमेरिका और ईरान के बीच हथियारों के एक नाकाम सौदे से जुड़े दशकों पुराने विवाद के हल के लिए हुए 1.7 अरब डॉलर के समझौते की यह पहली किश्त है।
वहीं अमेरिका के विदेश विभाग ने समझौता राशि और ईरान द्वारा चार अमेरिकी कैदियों की रिहाई के बीच किसी भी तरह की सीक्रेट डील की बात को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।
वॉल स्ट्रीट के मुताबिक ईरान के आखिरी शासक शाह मोहम्मद रजा पहलवी के पतन से पहले 1979 में दोनों देशों के बीच हथियारों की खरीद को लेकर एक समझौता हुआ था जो सफल नहीं हो सका था।
इसे लेकर अमेरिका और ईरान के बीच दशकों से विवाद चल रहा था। ओबामा एडमिनिस्ट्रेशन ने विवाद के निपटान के लिए ईरान को 1.7 अरब डॉलर के भुगतान का समझौता किया है।












Click it and Unblock the Notifications