पाक को एफ-16 मिलने पर भारत चिंतित, अमेरिका ने कहा डोंट वरी
वाशिंगटन। अमेरिका के रक्षा विभाग पेंटागन ने पाकिस्तान को आठ एफ-16 लड़ाकू विमान बेचने के अमेरिका के निर्णय पर भारत की निराशा को खारिज कर दिया है।

पेंटागन ने बुधवार को कहा कि भारत को इस निर्णय को लेकर चिंतित नहीं होना चाहिए क्योंकि बिक्री के समय क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति को ध्यान में रखा गया था।
पेंटागन के प्रेस सेक्रेटरी पीटर कुक से जब पाकिस्तान को अत्याधुनिक लड़ाकू विमान बेचने के ओबामा प्रशासन के निर्णय को लेकर भारत की प्रतिक्रिया पर टिप्पणी पर यह बात कही है।
कुक ने कहा कि हमारा मानना है कि यह क्षमता आतंकवाद से निपटने के प्रयास में पाकिस्तान की मदद करेगी और हमें लगता है कि यह अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा हित में हैं।
ओबामा प्रशासन ने रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक, दोनों दलों के प्रभावशाली सांसदों के विरोध के बावजूद पाक को फाइटर जेट देने का फैसला किया था।
अमेरिका की ओर से 13 फरवरी को कहा गया था कि उसने न्यूक्लियर वेपेंस ले जाने में सक्षम आठ एफ-16 लड़ाकू विमान पाकिस्तान को बेचने का निर्णय लिया है जिनकी कीमत करीब 70 करोड़ डॉलर है।
कुक के मुताबिक पाकिस्तान में आतंकवादियों को काबू करने की दृष्टि से ये पाकिस्तानियों के लिए अहम हैं। भारत ने अमेरिका के इस निर्णय पर अपनी 'नाखुशी और निराशा' जाहिर करने के लिए अमेरिका के राजदूत रिचर्ड वर्मा को तलब किया था।












Click it and Unblock the Notifications