US Presidential Election: अमेरिका में 5 नवंबर को है राष्ट्रपति चुनाव, जो बाइडेन आज क्यों डालने वाले हैं वोट?
US Presidential Election: अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान 5 नवंबर को होने वाले हैं, लेकिन मौजूदा नेता जो बाइडेन व्हाइट हाउस लौटने से पहले अमेरिकी समय के मुताबिक सोमवार (28 अक्टूबर) को डेलावेयर के विलमिंगटन में अपना वोट डालेंगे।
डेलावेयर डेमोक्रेट्स का गढ़ है और जो बाइडेन 1973 से 2009 तक लगातार यहां से सीनेटर रहे हैं, जिससे समझा जा सकता है, कि इस क्षेत्र में उनकी कितन मजबूत पकड़ हो सकती है। जो बाइडेन, जिन्होंने इस साल की शुरूआत में जोरशोर से चुनावी कैम्पेन चलाया था, उन्हें जुलाई में उम्र को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद राष्ट्रपति चुनाव की रेस से हटना पड़ा था और उन्होंने कमला हैरिस के नाम का समर्थन किया था।

जो बाइडेन 5 नवंबर से पहले मतदान क्यों कर रहे हैं?
व्हाइट हाउस ने बताया है, कि जो बाइडेन सोमवार (28 अक्टूबर) को राष्ट्रपति चुनाव में अपना प्रारंभिक मतदान करेंगे।
इसके पीछे वजह ये है, कि अमेरिका में होने वाले चुनावों में, कई अमेरिकी 5 नवंबर के मतदान दिवस से पहले मतदान करने का विकल्प चुन सकते हैं और जो बाइडेन ने भी यही किया है। ये भारत में होने वाले चुनाव से अलग है। भारत में एक निश्चित तारीख को ही लोग अपने निर्वाचन क्षेत्र में जाकर मतदान कर सकते हैं, लेकिन अमेरिका में मतदान की तारीख से पहले वोट किया जा सकता है और कई राज्यों में मतदान की तारीख से 2-3 दिन आगे तक मतदान चलता है।
अमेरिका के कई राज्यों में पहले से ही प्रारंभिक मतदान चल रहा है और मतदाता, या तो व्यक्तिगत तरीसे से या फिर मेल-इन के जरिए या फिर अनुपस्थित मतपत्रों के जरिए मतदान कर रहे हैं।
2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिए प्रारंभिक मतदान पिछले हफ्ते शुरू हुआ था।
कमला हैरिस के चुनाव अभियान ने डेमोक्रेटिक मतदाताओं से प्रारंभिक मतदान का आक्रामक रूप से उपयोग करने के लिए दबाव डाला है, जिसे 5 नवंबर के चुनाव दिवस से पहले वोट बैंक में मदद करने की रणनीति के रूप में भी देखा जाता है।
दूसरी तरफ, डोनाल्ड ट्रंप, जो प्रारंभिक मतदान के आलोचक रहे हैं, उन्होंने अपने अभियान और उनकी रिपब्लिकन पार्टी के साथ मतदाताओं को प्रारंभिक मतदान करने के लिए प्रेरित करना शुरू कर दिया है। पिछले राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप ने मेल-इन वोट का भारी विरोध किया था, जिसकी वजह से उनके समर्थक चुनाव वाले दिन ही मतदान करने पहुंचे थे, लेकिन उससे पहले ही जो बाइडेन अपने पक्ष में माहौल बना चुके थे, लिहाजा ट्रंप इस बार वो गलती नहीं की है।
एनबीसी न्यूज के अनुसार, 28 अक्टूबर की सुबह तक पूरे अमेरिका में 42 मिलियन (43,440,787) से ज्यादा मेल-इन और प्रारंभिक व्यक्तिगत वोट डाले जा चुके हैं।
2020 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों में शुरुआती मतदान में उछाल देखा गया था, जिससे कुल मतदान में भारी वृद्धि हुई थी और बाइडेन को अपनी जीत सुनिश्चित करने में भारी मदद मिली। उस वर्ष कोविड-19 महामारी के कारण कई राज्यों में शुरुआती मतदान को आसान बना दिया गया था।
इस बीच, अब तक के अधिकांश सर्वेक्षणों में ट्रंप और कमला हैरिस के बीच कड़ी टक्कर का अनुमान लगाया गया है, जिसमें राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार अलग-अलग चुनावी मुद्दों पर एक-दूसरे से आगे चल रहे हैं, जैसे कि अर्थव्यवस्था के मामले में ट्रंप, कमला हैरिस से आगे हैं, जबकि लैंगिक और महिला अधिकारों के मामले में कमला हैरिस स्पष्ट विजेता लग रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications