चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, आमने-सामने की मुलाकात में क्या होगी बात?
Joe Biden to Meet Xi Jinping: वाशिंगटन पोस्ट ने वरिष्ठ अज्ञात अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया है, कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग अगले महीने सैन फ्रांसिस्को में मुलाकात कर सकते हैं और इस दौरान दोनों देश अपने तनावपूर्ण संबंधों को स्थिर करने के लिए बात कर सकते हैं।
आपको बता दें, कि सैन फ्रांसिस्को अगले महीने नवंबर में, एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा, जिसमें चीनी राष्ट्रपति भाग ले सकते हैं। व्हाइट हाउस दोनों नेताओं के बीच आमने-सामने की बैठक की योजना बना रहा है, जिससे अमेरिका-चीन संबंधों को ठीक करने की उम्मीद है।

अमेरिका और चीन के बीच के रिश्ते हाल के वर्षों में ताइवान, कोविड -19, जासूसी और ट्रेड ट्रैफिक सहित कई मुद्दों के कारण तनावपूर्ण हो गए हैं।
गुरुवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट में, अमेरिकी अखबार ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से कहा है, कि बैठक की संभावना "काफी पक्की" है। द पोस्ट ने अधिकारी के हवाले से कहा, कि "हम योजना की प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं"।
हालांकि, वाशिंगटन में चीनी दूतावास और व्हाइट हाउस ने अभी तक इस रिपोर्ट पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
बाइडेन-शी जिनपिंग की बैठक हाल के महीनों में दोनों देशों के बीच अन्य उच्च स्तरीय बैठकों के बाद होगी, जिसमें जून में राज्य सचिव एंटनी ब्लिंकन, जुलाई में ट्रेजरी सचिव जेनेट येलेन और अगस्त में वाणिज्य सचिव जीना रायमोंडो जैसे अमेरिकी अधिकारियों ने चीन का दौरा किया है।
रायमोंडो और येलेन जैसे शीर्ष अमेरिकी अधिकारियों ने हाल ही में कहा है, कि संयुक्त राज्य अमेरिका चीन से अलग नहीं होना चाहता है, लेकिन बीजिंग ने ताइवान को हथियारों की बिक्री और सैन्य वित्तपोषण की अमेरिकी मंजूरी पर चिंता व्यक्त की है।
यदि नवंबर में दोनों नेताओं के बीच बैठक होती है, तो यह दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं के बीच पिछले साल नवंबर के बाद ये पहली बैठक होगी। पिछले साल नवंबर में बाली में जी20 शिखर सम्मेलन के मौके पर दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी। उस बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने उम्मीद जताई थी, कि वे अमेरिका-चीन संबंधों को पटरी पर ला सकते हैं। हालांकि, फरवरी में वाशिंगटन द्वारा एक चीनी जासूसी गुब्बारे को मार गिराने का आदेश देने के बाद, फिर से संबंध ख़राब हो गए।












Click it and Unblock the Notifications