सुप्रीम कोर्ट के जज के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लिया अमूल थापर का इंटरव्यू
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय मूल के अमेरिकी जज अमूल थापर के साथ ही तीन और जजों का इंटरव्यू किया है। अमेरिकी मीडिया में आई रिपोर्ट्स के मुताबिक जिनके इंटरव्यू ट्रंप ने लिए हैं, उनमे से ही कोई एक सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस एंथोनी केनेडी के पद के नामांकन का उत्तराधिकारी होगा।
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय मूल के अमेरिकी जज अमूल थापर के साथ ही तीन और जजों का इंटरव्यू किया है। अमेरिकी मीडिया में आई रिपोर्ट्स के मुताबिक जिनके इंटरव्यू ट्रंप ने लिए हैं, उनमे से ही कोई एक सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस एंथोनी केनेडी के पद के नामांकन का उत्तराधिकारी होगा। अगर थापर ट्रंप नॉमिनेट करते हैं और उनके नाम को सीनेट की ओर से मंजूरी दी जाती है तो फिर वह पहले ऐसे भारतीय-अमेरिकी होंगे जिन्हें नौ सदस्यों वाले सुप्रीम कोर्ट में जगह मिलेगी।

असाधारण व्यक्ति ही बनेगा जज
अभी तक न तो व्हाइट हाउस और न ही ट्रंप की ओर से उन नामों की पुष्टि की गई है जिनके इंटरव्यू राष्ट्रपति ने लिए हैं। लेकिन ट्रंप प्रशासन से जुड़े सूत्रों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक अमूल थापर, ब्रेट कावैनॉघ, एमी कॉने बैरेट का इंटरव्यू ट्रंप ने लिया है। न्यूज एजेंसी एएफपी की ओर से यह जानकारी दी गई है। कहा जा रहा है कि ट्रंप दो या फिर तीन और उम्मीदवारों से मिलेंगे। राष्ट्रपति ट्रंप की मानें तो अगले कुछ दिनों के अंदर फैसला लेंगे और सोमवार तक इस बात का ऐलान कर देंगे की सुप्रीम कोर्ट का जज कौन होगा। ट्रंप की मानें तो जिस व्यक्ति का चयन होगा वह असाधारण होगा।
45 मिनट तक ट्रंप ने लिया इंटरव्यू
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी सारा सैंडर्स की ओर से बताया गया है कि ट्रंप एक ऐसे व्यक्ति की तलाश कर रहे हैं जो अमेरिकी संविधान की रक्षा कर सके। उन्होंने बताया कि ट्रंप ने हर उम्मीदवार से 45 मिनट तक मुलाकात की। थापर एक अप्रवासी भारतीय-अमेरिकी परिवार से आते हैं। वह उन 25 जजों की लिस्ट का हिस्सा हैं जिन्हें ट्रंप ने शॉर्टलिस्ट किया है। थापर, अमेरिका के पहले ऐसे जज भी हैं जो साउथ एशिया के हैं। थापर को सीनेटर मिच मैक्कॉनेल का समर्थन हासिल है जो सीनेट में बहुमत वाले नेता हैं। थापर को अमेरिकी मीडिया का भी सपोर्ट हासिल है। फॉक्स न्यूज ने अपनी सोमवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट में कहा था कि थापर उस चार मिलियन भारतीय समुदाय की सफलता का प्रतीक हैं जो देश में सर्वोच्च आय कमाता है।












Click it and Unblock the Notifications