Trump Approval Rating: ट्रंप को लगा झटका! गद्दी से हटने के 10 साल बाद भी ओबामा सबसे लोकप्रिय, सर्वे में दावा
Trump Approval Rating: अमेरिका की राजनीति में भले ही आज डोनाल्ड ट्रंप और जो बाइडेन सबसे बड़े चेहरे हों, लेकिन लोगों के दिलों में अब भी बराक ओबामा की जगह सबसे ऊपर बनी हुई है। CNN और SSRS के नए सर्वे ने यह साफ कर दिया है कि राष्ट्रपति पद छोड़े करीब 10 साल बाद भी ओबामा की लोकप्रियता में कोई बड़ी कमी नहीं आई है।
दिलचस्प बात यह है कि ओबामा को सिर्फ डेमोक्रेटिक वोटर्स ही नहीं, बल्कि कई रिपब्लिकन और इंडिपेंडेंट वोटर्स भी पसंद करते हैं। यही वजह है कि एक बार फिर अमेरिका में ओबामा की चर्चा तेज हो गई है।

सर्वे में ओबामा सबसे आगे, ट्रंप-बाइडेन काफी पीछे
CNN-SSRS सर्वे के मुताबिक 57 फीसदी अमेरिकी नागरिक बराक ओबामा को पॉजिटिव नजर से देखते हैं। इसके मुकाबले मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सिर्फ 34 फीसदी और पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन को 30 फीसदी लोगों का पॉजिटिव समर्थन मिला। यह अंतर दिखाता है कि पद छोड़ने के कई साल बाद भी ओबामा की इमेज मजबूत बनी हुई है। अमेरिकी जनता का बड़ा वर्ग आज भी उन्हें एक भरोसेमंद और प्रभावशाली नेता के रूप में देखता है।
सिर्फ डेमोक्रेट नहीं, रिपब्लिकन भी करते हैं पसंद
सर्वे की सबसे खास बात यह रही कि ओबामा को सिर्फ उनकी पार्टी के समर्थकों का ही नहीं, बल्कि दूसरी विचारधारा के लोगों का भी समर्थन मिला। लगभग हर पांच में से एक रिपब्लिकन वोटर ने भी ओबामा को पॉजिटिव रेटिंग दी। वहीं किसी भी पार्टी से खुद को न जोड़ने वाले इंडिपेंडेंट वोटर्स के बीच भी उनकी लोकप्रियता ट्रंप और बाइडेन दोनों से काफी ज्यादा है। यही वजह है कि ओबामा आज भी अमेरिका की राजनीति में एक अलग पहचान रखते हैं।
व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद और मजबूत हुई इमेज
बराक ओबामा के दूसरे कार्यकाल के दौरान उन्हें लेकर लोगों की राय काफी बंटी हुई थी। लेकिन व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद उनकी पब्लिक इमेज लगातार बेहतर होती गई। पिछले कई वर्षों में उन्होंने खुद को विवादों से काफी हद तक दूर रखा और सामाजिक मुद्दों पर अपनी मौजूदगी बनाए रखी। इसका असर उनकी लोकप्रियता पर साफ दिखाई देता है। सर्वे बताता है कि समय बीतने के साथ लोगों की नजर में ओबामा की छवि और मजबूत हुई है।
सबसे पसंदीदा राष्ट्रपति की रेस में भी नंबर-1
जब लोगों से पूछा गया कि वे सबसे ज्यादा किस अमेरिकी राष्ट्रपति की सराहना करते हैं, तब भी बराक ओबामा पहले नंबर पर रहे। 30 फीसदी लोगों ने उनका नाम लिया, जबकि डोनाल्ड ट्रंप को 19 फीसदी लोगों ने चुना। इसके अलावा अब्राहम लिंकन और रोनाल्ड रीगन को 9-9 फीसदी, जॉन एफ. कैनेडी को 6 फीसदी और जॉर्ज वॉशिंगटन को 5 फीसदी लोगों ने पसंदीदा राष्ट्रपति बताया। नतीजे साफ बताते हैं कि ओबामा आज भी अमेरिकी राजनीति के सबसे लोकप्रिय जीवित नेता बने हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications