पड़ोस से लेकर कैरेबियाई देशों तक से बधाई.. अमेरिका की प्रतिक्रिया में PM मोदी के लिए शुभकामना क्यों नहीं?
World Reaction On Indian Election: भारत में अब चुनाव नतीजे आ गये हैं और NDA गठबंधन सरकार बनाने की स्थिति में आ गई है। हालांकि, बीजेपी को पूर्ण बहुमत हासिल नहीं हो पाया है, लेकिन मोदी की नेतत्व वाली बीजेपी देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनकर उभरी है।
वहीं, भारतीय चुनाव नतीजों के बाद दुनियाभर से बधाई संदेश आ रहे हैं। भारत के तमाम पड़ोसी देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई संदेश भेजा है और विशालकाय लोकतांत्रिक प्रक्रिया के सफल समापन के लिए बधाई संदेश भेजा है।

हैरानी की बात ये है, कि ये बधाई संदेश भारत के पड़ोसी देशों के साथ साथ कई कैरेबियाई देशों की तरफ से भी आ गये हैं, लेकिन अभी तक यूरोप और अमेरिका ने चुप्पी साध रखी है। यूरोपीय देशों में सिर्फ इटली ही है, जहां की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने ट्वीट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी को जीत की बधाई दी है।
अमेरिका को प्रतिक्रिया में शुभकामनाएं क्यों नहीं?
अमेरिका ने मंगलवार को भारत के संसदीय चुनावों की सराहना करते हुए इसे "इतिहास में लोकतंत्र का सबसे बड़ा चुनाव" बताया, हालांकि चुनाव के नतीजों पर उसने टिप्पणी करने से परहेज किया है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने विशाल चुनावी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए भारत सरकार और उसके मतदाताओं की सराहना की। उन्होंने व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, कि "संयुक्त राज्य अमेरिका की ओर से, हम भारत सरकार और वहां के मतदाताओं की इस विशाल चुनावी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करने और उसमें भाग लेने के लिए सराहना करना चाहते हैं, और हम अंतिम परिणाम देखने के लिए उत्सुक हैं।"
मैथ्यू मिलर ने इस बात पर जोर दिया, कि अमेरिका दुनियाभर के चुनावों में जीतने और हारने वालों पर टिप्पणी नहीं करता है।
उन्होंने कहा, कि "मैं चुनावों में विजेताओं और हारने वालों पर भी टिप्पणी नहीं करने जा रहा हूं, जैसा कि दुनिया भर में हमारे मामले में होता है। हमारे लिए जो महत्वपूर्ण है, और जो हमने पिछले छह हफ्तों में देखा है, वह इतिहास में लोकतंत्र का सबसे बड़ा प्रयोग है, क्योंकि भारतीय लोग मतदान करने आए हैं।"
आपको बता दें, कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में बीजेपी ने 240 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि NDA को 292 सीटें हासिल हुई हैं। औऱ NDA अब सरकार बनाने का दावा पेश करने वाली है। बीजेपी के प्रमुख सहयोगी दल, तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) और जनता दल (यूनाइटेड) (जेडी(यू)) ने क्रमशः आंध्र प्रदेश और बिहार में 16 और 12 सीटों पर जीत दर्ज की है। और अन्य सहयोगियों के समर्थन से, बीजेपी की नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 272-बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया है।
कैरिबियाई देशों तक से बधाई संदेश
अमेरिका ने भले ही अभी तक बधाई संदेश नहीं भेजा है। लेकिन कैरिबायाई देशों की तरफ से प्रधानमंत्री मोदी को बधाई संदेश मिले हैं।
बारबाडोस की प्रधानमंत्री मिया अमोर मोटली ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई देते हुए लिखा है, कि "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत के चुनावों में उनकी जीत पर बधाई, जिसके कारण उन्हें अभूतपूर्व तीसरा कार्यकाल मिला है। उनके नेतृत्व में भारत एक वैश्विक नेता और बारबाडोस और कैरेबियाई क्षेत्र का सहयोगी बन गया है। आइए हम मिलकर आगे बढ़ें!"
वहीं, जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रूय होलनेस ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा है, कि "भारत के सरकार प्रमुख के रूप में ऐतिहासिक तीसरे कार्यकाल की शुरुआत करने की तैयारी करने जा रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई।"
वहीं, भारत के तमाम पड़ोसी देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई संदेश भेजे हैं।
श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे और नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आम चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन की जीत पर बधाई दी और उनके साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई। श्रीलंका के राष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा, "मैं बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को उसकी जीत पर हार्दिक बधाई देता हूं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रगति और समृद्धि में भारतीय लोगों के विश्वास को दर्शाता है।"
उन्होंने कहा कि निकटतम पड़ोसी श्रीलंका भारत के साथ साझेदारी को और मजबूत करने के लिए तत्पर है।
नेपाल के प्रधानमंत्री 'प्रचंड' ने अपने भारतीय समकक्ष नरेन्द्र मोदी को उनकी पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन की चुनावी सफलता पर बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "लोकसभा चुनावों में भाजपा और एनडीए की लगातार तीसरी बार चुनावी सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई। हम भारत के लोगों की उत्साही भागीदारी के साथ दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक अभ्यास के सफल समापन पर काफी खुश हैं।"
भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने भी मोदी और एनडीए को लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई दी और कहा, कि वह उनके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा, "दुनिया के सबसे बड़े चुनावों में लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक जीत के लिए मेरे मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और एनडीए को बधाई। जैसे-जैसे वह भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं, मैं हमारे दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।"












Click it and Unblock the Notifications