US Midterm Poll 2026: अमेरिका में मध्यावधि चुनाव शुरू, ट्रंप के लिए 'अग्निपरीक्षा' बना सीनेट व हाउस का संग्राम
US Midterm Poll 2026: दुनिया की सबसे पुरानी लोकतांत्रिक व्यवस्था माने जाने वाले संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) में राजनीतिक ताकत का संतुलन तय करने वाला 'मध्यावधि चुनाव' वेरमोंट स्टेट में पहला वोट डाले जाने के साथ शुरू हो चुका है। न्यू जर्सी, वर्जिनिया, केंटुकी और इंडियाना स्टेट्स में मतदान थोडा देर से शुरु हुआ।
इसके साथ ही अमेरिकी मतदाता देश की संसद - सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के नए प्रतिनिधियों को चुनने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। US के डिपार्टमेंट ऑफ़ जस्टिस ने बताया कि इन चुनावों की निगरानी के लिए सभी 50 राज्यों में रिकार्ड 1000 मॉनिटर्स लगाए गए हैं। यह चुनाव राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मौजूदा कार्यकाल के अंतिम दो वर्षों के एजेंडे की दिशा तय करेगा।

Virtual Referendum - ट्रंप के लिए क्यों साख का सवाल है यह चुनाव?
यह मध्यावधि चुनाव राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी रिपब्लिकन पार्टी के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है। वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में अमेरिकी जनता का एक बड़ा वर्ग बढ़ती महंगाई और ईरान के साथ चल रहे सैन्य संघर्ष के कारण असंतुष्ट नजर आ रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि रिपब्लिकन पार्टी संसद के दोनों सदनों में अपना नियंत्रण खो देती है, तो ट्रंप प्रशासन के लिए आगामी नीतियों को लागू करना बेहद कठिन हो जाएगा।
हाल ही में फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डिसाइंटिस ने भी चेतावनी दी है कि ईरान संघर्ष की वजह से ईंधन की कीमतें बढ़ी हैं, जिसका सीधा असर कामकाजी वर्ग के मतदाताओं पर पड़ रहा है। ऐसे में महंगाई और युद्ध जैसे मुद्दे इस चुनाव में सबसे बड़े गेमचेंजर साबित हो रहे हैं। उधर मिडटर्म पोल शुरु होने से एकदम पहले ईरान पर हमला और राष्ट्रपति ट्रंप को उसे छोटा हमला - युद्ध नहीं कहकर डिफेंड करना भी इस बात का संकेतक है कि ट्रंप का आत्मविश्वास इस वक्त कमजोर है।
सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स का गणित
इस चुनाव में अमेरिकी संसद के निचले सदन यानी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की सभी 435 सीटों और सीनेट की 35 सीटों पर मुकाबला है। डेमोक्रेटिक पार्टी सीनेट और हाउस में रिपब्लिकन पकड़ को कमजोर करने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। डेमोक्रेट्स ने उन राज्यों में भी सेंध लगाने की कोशिश की है, जहां पिछले राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप को भारी बढ़त मिली थी।
इसके साथ ही, लातीनी (Latino) मतदाता इस बार एक बड़े स्विंग ब्लॉक के रूप में उभरे हैं। विभिन्न जनमत सर्वेक्षणों के अनुसार, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रपति ट्रंप के कामकाज के तरीके को लेकर इस समुदाय में असंतोष देखा गया है, जो चुनाव परिणाम को किसी भी ओर मोड़ सकता है।
US Midterm Poll का भारत और दुनिया पर क्या होगा असर?
अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के नतीजे केवल अमेरिका की घरेलू राजनीति तक सीमित नहीं हैं। अमेरिकी संसद की संरचना यह तय करती है कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों, रक्षा बजट और रणनीतिक साझेदारियों (विशेषकर भारत-अमेरिका संबंधों और इंडो-पैसिफिक नीति) को किस तरह की विधाई स्वीकृति मिलेगी। ईरान संघर्ष और वैश्विक कूटनीति पर अमेरिकी कांग्रेस का कड़ा रुख दुनिया के बाकी देशों को भी सीधे प्रभावित करता है।
सीधे तौर पर कहें तो यह मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल पर रेफरेंडम है। यदि इसमें रिपब्लिकन पार्टी को बढत मिलती है तो ट्रंप की कार्यशैली में और आक्रमकता आएगी। लेकिन यदि रिपब्लिकन की हार हुई तो ट्रंप लेम डक प्रेसिडेंट यानी कि पंगु सरकार के मुखिया के तौर पर रह जाएंगे। इससे ट्रंप की आक्रामक टैरिफ पॉलिसी, इंटरनेशनल ऑयल एजेंडा, मिड्ल-ईस्ट पॉलिसी पर असर पड़ना निश्चित है।
इन चुनाव नतीजों का केवल भारत पर ऐसा कोई सीधा प्रभाव नहीं दिख रहा लेकिन H-1 वीजा नीति, आईटी सैक्टर, टैरिफ और क्रूड-ऑयल इंपोर्ट पर भारत राहत महसूस करने की उम्मीद कर सकता है। यदि मिड्ल-ईस्ट और वेस्ट एशिया में शांति बहाल होती है तो स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से कंटेनर का परिवहन नियमित होने की संभावना बढेगी। भारत आने वाले क्रूड ऑयल की प्रति बैरल लागत में कमी आएगी। देश में महंगाई दर कम होने की उम्मीद की जा सकती है।
मतदान की शुरुआत के साथ ही पहले रुझान और परिणाम आने शुरू हो गए हैं। शुरुआती रुझानों में रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स में कांटे की टक्कर दिख रही है। अंततः यह देखना दिलचस्प होगा कि अमेरिकी मतदाता महंगाई और कूटनीतिक मोर्चों पर वर्तमान प्रशासन के कामकाज को किस रूप में आंकते हैं और संसद की कमान किसके हाथ सौंपते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
