US हाउस और सीनेट स्पीकर के घर तोड़फोड़, 2000 डॉलर का राहत चेक पास न होने पर गुस्सा
वाशिंगटन। US House and Senate Speaker's House Vandalized: अमेरिकी कांग्रेस में लोगों के लिए कोविड राहत चेक को 2000 डॉलर किए जाने का प्रस्ताव गिर जाने के चलते लोगों में गुस्सा बढ़ गया है। कांग्रेस में प्रस्ताव पारित न होने पर लोगों का गुस्सा अब दोनों सदनों के स्पीकर पर फूट रहा है। कांग्रेस के दोनों सदनों हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव (प्रतिनिधि सभा) और सीनेट के स्पीकर के घर को नुकसान पहुंचाया गया। इस दौरान उनके घर की दीवारों पर स्लोगन लिख दिए गए। एक जगह पर तो सूअर का कटा सिर फेंक दिया।

घर पर लिखे गए स्लोगन
रिपब्लिकन प्रभुत्व वाली सीनेट के स्पीकर मिच मैकनेल के केंटकी स्थित पर बिल फेल होने के विरोध में स्लोगन लिख दिए गए। जिस पर लिखा था 'मेरा पैसा कहां है।' 'मिच गरीबों को मारता है'। वहीं उनके मेलबॉक्स ने नीचे अपशब्द भी लिखे गए थे।
वहीं नये साल के दिन कांग्रेस के निचले सदन हाउस की स्पीकर नैंसी पैलोसी के सैन फ्रांसिस्को स्थित घर पर भी उपद्रवियों ने नुकसान पहुंचाया। पैलोसी के घर की दीवारों पर स्प्रे से पेंट कर दिया गया। यही नहीं उनके घर के परिसर में एक कटा हुआ सूअर का सिर और नकली खून भी फेंका गया। पुलिस के मुताबिक ये घटना सुबह के 2 बजे के आस-पास हुई है। पुलिस की एक यूनिट पूरे मामले की जांच कर रही है।
कांग्रेस ने नहीं बढ़ाई राहत राशि
अमेरिकी कांग्रेस ने पिछले महीने ही 792 अरब डॉलर का कोविड राहत का भारी भरकम बिल पास किया था। इसी बिल में लोगों को 600 डॉलर का कोविड राहत चेक देने का प्रावधान किया गया है। इस पर चर्चा तब शुरू हुई जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इसे नाकाफी बताते हुए बिल पर साइन करने से इनकार कर दिया। ट्रम्प ने कहा कि अगर इस चेक की राशि को बढ़ाकर 2000 डॉलर नहीं किया गया तो वे बिल पर साइन नहीं करेंगे। कई दिनों तक चले गतिरोध के बाद आखिरकार ट्रम्प ने बिल को साइन कर दिया।
बाद में कांग्रेस के दोनों सदनों में इस राशि को बढ़ाने के लिए फिर से प्रस्ताव लाया गया लेकिन ये प्रस्ताव गिर गया। खास बात रही कि डेमोक्रेट के प्रभाव वाले हाउस में ये प्रस्ताव पास हो गया लेकिन ट्रम्प की अपनी ही पार्टी रिपबल्किन के बहुमत वाली सीनेट में इसे पास नहीं किया जा सका। जबकि डोनाल्ड ट्रम्प ने इसे बढ़ाने के लिए सबसे ज्यादा जोर दिया था।
वहीं घटना को लेकर मिच मैकनेल ने बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि "मैं हमेशा लोगों के शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार की लड़ाई लड़ता रहा हूं। मैं सभी केंटुकी के लोगों के प्रदर्शन का सम्मान करता हूं जो मुझसे सहमत हैं या नहीं। लेकिन ये विरोध नहीं है ये तोड़फोड़ है। तोड़फोड़ और डराने की राजनीति का हमारे समाज में कोई स्थान नहीं है।"












Click it and Unblock the Notifications