अमेरिका राष्ट्रपति चुनाव में सिर्फ 6 दिन बाकी, ट्रंप या कमला हैरिस, कौन पहुंचेगा व्हाइट हाउस, दिलचस्प है सर्वे

US Presidential Election 2024: अमेरिकी चुनाव में सिर्फ एक हफ्ता बाकी रह गया है और दोनों उम्मीदवार, कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप, काफी तेजी से अपने चुनाव अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।

उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने वाशिंगटन डीसी में एलिप्स से समर्थकों से बात की और ये वही स्थान है, जहां से उनके प्रतिद्वंद्वी और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 6 जनवरी 2021 को कैपिटल हिल पर हमले से पहले समर्थकों को संबोधित किया था।

US Presidential Election 2024

इस बीच, डोनाल्ड ट्रंप का ध्यान पूरी तरह से पेनसिल्वेनिया पर टिका हुआ है, जो एक स्विंग स्टेट है और माना जा रहा है, कि यहीं से व्हाइट हाउस का रास्ता गुजर रहा है। ट्रंप ने पेनसिल्वेनिया के एलेनटाउन में चुनावी रैली की है। इससे ठीक दो दिन पहले, एक कॉमेडियन ने न्यूयॉर्क में ट्रंप की रैली के दौरान, पोडियम से प्यूर्टो रिको के बारे में नस्लवादी टिप्पणी की थी, जिससे आलोचनाओं का दौर शुरू हो गया है।

5 नवंबर को होने वाले मतदान में अब छह दिन बाकी रह गए हैं और दोनों उम्मीदवार, उनके साथी उम्मीदवार और उनके प्रतिनिधि, चुनाव के दिन से पहले समर्थन जुटाने के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं।

चुनावी सर्वे के लेटेस्ट अपडेट क्या हैं?

रॉयटर्स/इप्सोस के लेटेस्ट पोल के मुताबिक, चुनाव के अंतिम चरण में कमला हैरिस की ट्रंप पर बढ़त कम हो गई है।

पोल के मुताबिक, राष्ट्रीय स्तर पर रिपब्लिकन उम्मीदवार ट्रंप पर उनकी बढ़त सिर्फ एक प्रतिशत है। कमला हैरिस 44 प्रतिशत और ट्रंप 43 प्रतिशत वोट हासिल करते दिख रहे हैं। पोल में दोनों दिशाओं में लगभग तीन प्रतिशत अंकों की त्रुटि मार्जिन है। सर्वेक्षण से यह भी पता चलता है, कि सितंबर के आखिर से कमला हैरिस की बढ़त में लगातार गिरावट आई है। 16-21 अक्टूबर के पिछले रॉयटर्स/इप्सोस सर्वेक्षण में कमला हैरिस को ट्रंप से दो अंकों की बढ़त मिली थी।

वहीं, प्रमुख अमेरिकी पोलस्टर रासमुसेन द्वारा एक अलग टेलीफोन और ऑनलाइन सर्वेक्षण से पता चलता है, कि कमला हैरिस को चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। सर्वेक्षण के अनुसार, संभावित अमेरिकी मतदाताओं में से 47 प्रतिशत उनके बारे में सकारात्मक राय रखते हैं, जबकि 33 प्रतिशत उनके बारे में "बहुत" सकारात्मक राय रखते हैं। हालांकि, 51 प्रतिशत उनके बारे में नकारात्मक राय रखते हैं, और 44 प्रतिशत के पास "बहुत" नकारात्मक धारणा है।

फाइव थर्टीएट के पोल ट्रैकर के अनुसार राष्ट्रीय सर्वेक्षणों में कमला हैरिस 1.4 अंकों से आगे चल रही हैं और ये सर्वेक्षणों की त्रुटि सीमा के भीतर है, यान गलती होने के अनुमान के भीतर है, जो कड़े मुकाबले को दिखाता है।

राष्ट्रीय चुनावों में कौन आगे है?

फाइव थर्टी एट नेशनल प्रेसिडेंशियल पोल ट्रैकर के अनुसार, कमला हैरिस के पास वर्तमान में 1.4 प्रतिशत अंकों की बढ़त है।

स्विंग स्टेट्स में - जो चुनाव के नतीजे तय करने वाले मुख्य बैटलग्राउंड स्टेट हैं, वहां मुकाबला और भी कड़ा है।

उन सात राज्यों में पेंसिल्वेनिया, उत्तरी कैरोलिना, जॉर्जिया, मिशिगन, एरिज़ोना, विस्कॉन्सिन और नेवादा शामिल हैं।

FiveThirtyEight के दैनिक पोल ट्रैकर से पता चलता है, कि मिशिगन में कमला हैरिस मामूली बढ़त बनाए हुई हैं, और नेवादा और विस्कॉन्सिन में बहुत कम बढ़त हासिल कर रही हैं। इस बीच, ट्रंप पेंसिल्वेनिया में कमला हैरिस पर मामूली बढ़त बनाए हुए हैं और उत्तरी कैरोलिना, एरिजोना और जॉर्जिया में उनकी बढ़त काफी ज्यादा है।

सभी सात राज्यों में, उम्मीदवार एक दूसरे से दो अंकों के ही फासले पर हैं, जो कि पोल के गलती होने के अनुमान के भीतर है, जिससे अंतिम मतदान से कुछ दिन पहले प्रत्येक राज्य में टॉस-अप की स्थिति बन गई है।

कमला हैरिस का चुनाव प्रचार

कमला हैरिस ने अपने अभियान में मतदाताओं से अंतिम अपील करते हुए वाशिंगटन डीसी के एलिप्से से भाषण दिया है।

इस दौरान कमला हैरिस ने कहा, "ट्रंप ने अमेरिकी लोगों को विभाजित और एक-दूसरे से डराने की कोशिश में एक दशक बिताया है। वह ऐसे ही हैं, लेकिन अमेरिका, मैं आज रात यहां यह कहने के लिए हूं, कि हम ऐसे नहीं हैं।"

कमला हैरिस के चुनाव अभियान के एक अधिकारी ने कहा, कि कमला हैरिस की रैली में भीड़ 75,000 से ज्यादा लोगों की थी, जो शुरुआती अनुमानों से लगभग चार गुना ज्यादा है।

कमला हैरिस ने भीड़ को यह भी याद दिलाया कि यह वह जगह थी, जहां ट्रंप ने 6 जनवरी 2021 को "लोगों की इच्छा को पलटने" की कोशिश की थी। उस दिन तत्कालीन राष्ट्रपति ट्रंप के हजारों समर्थकों ने उनकी चुनावी हार को पलटने के प्रयास में देश की संसद पर ही धावा बोल दिया था, जिसका मुकदमा अभी भी उनके ऊपर चल रहा है।

डोनाल्ड ट्रंप का चुनाव प्रचार

ट्रंप ने पेंसिल्वेनिया के एलेनटाउन में अपनी रैली की शुरुआत मतदाताओं के लिए एक संक्षिप्त संदेश के साथ की। उन्होंने पूछा, कि "क्या आप चार साल पहले की तुलना में अब बेहतर स्थिति में हैं?" भीड़ ने ज़ोर से जवाब दिया "नहीं"।

ट्रंप ने आगे कहा, कि "मैं आपसे फिर से उत्साहित होने के लिए कह रहा हूं... उन्होंने हमें शर्मिंदा किया है। कमला ने हमें शर्मिंदा किया है। उसके पास वह नहीं है, जो चाहिए। मैं आपसे फिर से बड़े सपने देखने के लिए कह रहा हूं।"

एलेनटाउन में अपने भाषण के दौरान, ट्रंप ने अप्रवासियों को निशाना बनाते हुए कई बयान दिए, एक बार तो उन्होंने कहा, कि अमेरिका एक "विशाल कूड़ेदान" में बदल गया है, जहां वेनेजुएला जैसे देश अपने अपराधियों को भेजते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा, "हम अपने पुरुषों, अपनी महिलाओं और अपने देश की रक्षा करने जा रहे हैं।"

डोनाल्ड ट्रंप की रैली में करीब सवा लाख लोग मौजूद थे।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+