US Election 2020: क्या वोटों की गिनती पूरी होने से पहले ट्रंप कर देंगे अपनी जीत का ऐलान?
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उस मीडिया रिपोर्ट को एक झूठी रिपोर्ट बताते हुए खारिज कर दिया है जिसमें कहा गया था कि बैलेट पेपर्स की गिनती के समय उनके आगे रहने की खबरें आईं तो वह अपनी जीत का ऐलान कर देंगे। रिपब्लिकन पार्टी के ट्रंप ने इस रिपोर्ट को पूरी तरह से गलत करार दिया है। उनके कैंपेन मैनेजर की तरफ से रिपोर्ट को गलत बताया गया और साथ ही कहा गया है कि ट्रंप इन चुनावों में आगे रहने वाले हैं।

Recommended Video
चुनाव के बाद नहीं करना होगा इंतजार
डोनाल्ड ट्रंप के कैंपेन मैनेजर जेसन मिलर ने कहा कि ट्रंप मंगलवार की रात इलेक्टोरल वोट्स में आगे रहने वाले हैं और इसके बाद डेमोक्रेट्स चुनावों के बाद इस मौके को चुराने की कोशिश करेंगे। वेबसाइट एक्सियॉस न्यूज की तरफ से तीन अनाम सूत्रों के हवाले से कहा गया था कि ट्रंप मंगलवार रात बैलेट की गिनती में आगे रहने पर अपनी जीत का ऐलान कर देंगे। ये तीनों ही सूत्र ऐसे थे जो ट्रंप के करीबियों से जुड़े थे। रिपोर्ट में लिखा है, 'अगर अहम राज्यों जैसे पेंसिलवेनिया में बड़ी तादाद में वोटों की गिनती नहीं हुई और इलेक्टोरल वोट्स की संख्या पर अनिश्चितता रही तो भी ट्रंप अपनी जीत का ऐलान कर सकते हैं।' ट्रंप के साथियों के मुताबिक अगर उन्हें जीत हासिल करनी है तो फिर ओहायो, फ्लोरिडा, नॉर्थ कैरोलिना, टेक्सास आइओवा, एरिजोना और जॉर्जिया में बड़ी लीड हासिल करनी होगी। ट्रंप ने एक्सियॉस के आर्टिकल को तो मानने से इनकार कर दिया और झूठा करार दिया लेकिन इस बात की पुष्टि भी की कि वह मंगलवार रात वोटिंग बंद होते ही वह गिनती को भी बंद कराने की कोशिशे करेंगे। ट्रंप ने नॉर्थ कैरोलिना में मीडिया से कहा, 'मुझे नहीं लगता है कि हमें चुनावों के बाद लंबा इंतजार करना होगा। जैसे ही चुनाव खत्म हो जाएंगे हम अपने वकीलों के साथ आगे बढ़ेंगे।'
जहां जीते थे ट्रंप, वहां अब बाइडेन हावी
न्यूयॉर्क टाइम्स और सिएना कॉलेज पोल की तरफ से हुए एक पोल में पेंसिलवेनिया, फ्लोरिडा, एरिजोना और विस्कोन्सिन, सभी राज्यों में बाइडेन को बढ़त हासिल है। ये पोल अगर यही साबित हुआ तो डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा झटका लग सकता है क्योंकि ये सभी वो राज्य हैं जहां से साल 2016 में उन्हें बड़ी जीत मिली। यही राज्य हैं जिन्होंने ट्रंप को राष्ट्रपति बनने में बड़ी मदद की थी। दूसरी तरफ सीएनएन के पोल में भी बाइडेन बढ़त बनाए हुए हैं। एरिजोना, मिशीगन और नॉर्थ कैरोलिना में बाइडेन को लीड मिल रही है और इन सभी राज्यों में साल 2016 में ट्रंप को जीत मिली थी। एबीसी और वॉशिंगटन पोस्ट के पोल में भी बाइडेन को गुड न्यूज मिल रही है। बाइडेन, ट्रंप के मुकाबले फ्लोरिडा में दो प्रतिशत अंक लेकर आगे हैं। बाइडेन को 50 प्रतिशत और ट्रंप को 48 प्रतिशत की लीड नजर आ रही है। इसी पोल में बाइडेन में पेंसिलवेनिया में 51 प्रतिशत तो ट्रंप को 44 प्रतिशत की लीड मिल रही है।












Click it and Unblock the Notifications