US Elections 2020: भारत के लिए ठीक नहीं हैं जो बाइडेन, चीन के खतरे को समझना होगा: ट्रंप जूनियर
वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने कहा है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके पिता के बीच बेहद अच्छे संबंध हैं, जिससे भविष्य में दोनों देशों को लाभ होगा। उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, 'मेरे पिता राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रिश्ता अविश्वसनीय है। जिससे दोनों देशों को भविष्य में लाभ होगा।' इसके साथ ही डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने अपने पिता के भारत दौरे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कुछ महीनों पहले भारत में जिस तरह उनके पिता का स्वागत किया गया, वो उन्हें बेहद अच्छा लगा।
Recommended Video

डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने ये बात न्यूयॉर्क में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहीं। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बाइडेन भारत के लिए ठीक नहीं हैं क्योंकि चीन के प्रति उनका रुख नरम हो सकता है। उन्होंने अपनी किताब 'लिबरल प्रिविलेज' की सफलता के जश्न के लिए आयोजित कार्यक्रम में आगे कहा कि, 'हमें चीन के खतरे को समझना होगा और इसे शायद भारतीय-अमेरिकियों से बेहतर कोई नहीं जानता है।'
आपको बता दें 42 साल के डोनाल्ड ट्रंप जूनियर अपने 74 वर्षीय पिता डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति पद के लिए प्रचार अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। अमेरिका में तीन नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव होने हैं। ट्रंप जूनियर की किताब में 77 साल के जो बाइडेन के परिवार के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र है, खासतौर पर उनके बेटे हंटर बाइडेन के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोपों का।
वह आगे कहते हैं, 'जब आप इस दौड़ में हमारे विरोधियों को देखते हैं... आपको लगता है कि चीनी ने हंटर बाइडेन को 1.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर क्यों दिए... क्योंकि वह एक बड़े बिजनेसमैन हैं या फिर वो ये बात जानते हैं कि बाइडेन को खरीदा जा सकता है, और इसलिए चीन के प्रति उनका रुख नरम है।' ट्रंप जूनियर का इशारा बाइडेन परिवार के खिलाफ हाल ही में न्यूयॉर्क पोस्ट में लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के खुलासे की ओर था। हालांकि जो बाइडेन ने अपने खिलाफ लगे सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। ट्रंप जूनियर ने ये भी कहा कि ना तो बाइडेन परिवार और ना ही उनके कैंपेन ने द न्यूयॉर्क पोस्ट द्वारा पोस्ट किए गए आरोपों और ई-मेल के खिलाफ कोई बयान जारी किया है।












Click it and Unblock the Notifications