अमेरिका-कनाडा पर सूरज का कहर, जल रहे हैं अमेरिकी शहर, खतरनाक लू से लगा लॉकडाउन!
अमेरिका में एक तरफ रिकॉर्डतोड़ गर्मी है तो बिजली संकट ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। ऐसी गर्मी अमेरिका के इतिहास में कभी नहीं पड़ी थी।
टोरंटो/वॉशिंगटन, जून 30: जलवायु परिवर्तन के प्रभाव ने दुनिया भर के लोगों पर कहर बरपाना शुरू कर दिया है। ठंडी जलवायु के आदी कनाडा और अमेरिका के लोग इन दिनों रिकॉर्ड तोड़ गर्मी से हलकान हैं। कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में स्थिति बहुत ही दयनीय है। यहां पारा सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए 46.6 डिग्री सेल्सियस को क्रॉस कर गया है। जिसकी वजह से सड़कों पर सन्नाटा है। कोविड सेंटर सूने पड़े हैं। यहां तक कि स्कूल-कॉलेज भी बंद करने पड़े। स्थिति करीब करीब अघोषित लॉकडाउन की बन चुकी है।
Recommended Video

कनाडा में टूटा 84 सालों का रिकॉर्ड
कनाडा मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, गर्मी ने 84 साल पहले का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कनाडा में जैसे-जैसे कोरोना प्रतिबंधों में ढील दी जा रही है, वैसे वैसे और लोग रेस्तरां, समुद्र तटों और पार्कों में जाने का प्लान बनाने लगे। प्रचंड वातावरण ने उन्हें घर में कैद करने के लिए मजबूर कर दिया है। वैंकूवर के वकील क्रिस जॉनसन ने कहा कि कनाडा इस बार भारत जैसा दिखता है। यह ब्रिटिश कोलंबिया, कनाडा में 46.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यही हाल ब्रिटिश कोलंबिया के साथ-साथ विक्टोरिया, कमलूप्स, केलोना सहित कई शहरों का है। यहां स्कूल-कॉलेज गर्मी की वजह से बंद कर दिए गए हैं।

जल रहे हैं अमेरिकी शहर
कनाडा ही नहीं, बल्कि नॉर्थवेस्ट, अमेरिका के पोर्टलैंड, इडाहो, ओरेगॉन और पूर्वी वाशिंगटन भी भीषण गर्मी से झुलस रहे हैं। पोर्टलैंड में सोमवार को पारा 47 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया था। वहीं, समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, सेलम शहर में तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। 1890 में तापमान गणना शुरू होने के बाद से यह सबसे ज्यादा है। पेन्सिलवेनिया के स्टेट कॉलेज के मौसम विज्ञानी पाल वॉकर ने कहा कि उन्होंने 40 साल में ऐसी गर्मी नहीं देखी है। बोस्टन, नेवार्क और न्यूयॉर्क शहर भी भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं। लोग पानी की ट्रे में पक्षियों को रखते हुए पालतू जानवरों को आइस पैक से ठंडा करते हुए फोटो शेयर कर रहे हैं।
अमेरिका में भी जाती है बिजली
एक तरफ भीषण गर्मी तो दूसरी तरफ बिजली की समस्या ने लोगों को और हलकान कर दिया है। इडाहो, ओरेगन, पूर्वी वाशिंगटन और न्यूयॉर्क सहित कई शहरों में भीषण गर्मी के कारण बिजली की खपत बढ़ गई है, जिससे बिजली कटौती करना पड़ रहा है। इन इलाकों में बिजली सप्लाई करने वाली अविस्टा कारपोरेशन को बिजली की सप्लाई को बार बार काटना पड़ रहा है। कंपनी का कहना है कि ऐसी स्थिति अमेरिका की इतिहास में पहली बार बनी है और उसके पास बिजली ही नहीं बच रही है कि वो लगातार सप्लाई कर सके। अलग-अलग इलाकों में घंटों बिजली कटौती होती है, जिससे पूरे इलाके की बिजली एक साथ नहीं जाती। समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक बर्कले अर्थ एनजीओ के साइंटिस्ट जेके हसफैडर ने कहा है कि यह जलवायु परिवर्तन का असर है।












Click it and Unblock the Notifications