अमेरिका ने कहा कश्मीर पर संयम बरतें भारत और पाक
वाशिंगटन। अमेरिका और पाकिस्तान ने कश्मीर के मुद्दे का शांतिपूर्ण हल तलाश करने की जरूरत पर जोर दिया है। दोनों देशों ने सभी पक्षों से अपील की है कि वे तनाव कम करने के लिए अधिकतम संयम बरतें।

कश्मीर पर यह बयान अमेरिका और पाकिस्तान की छठी रणनीतिक वार्ता खत्म होने के एक दिन पहले आया है।
दोनों देशों ने इस वार्ता के खत्म होने पर एक संयुक्त बयान जारी किया है। इस बयान के मुताबिक अमेरिका और पाकिस्तान ने कश्मीर समेत सभी लंबित मुद्दों के शांतिपूर्ण हल के लिए सार्थक वार्ता के महत्व पर जोर दिया है।
इस वार्ता की सह-अध्यक्षता अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी और पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के सलाहकार सरताज अजीज ने की।
बयान में कहा गया है कि प्रतिनिधिमंडलों ने माना है कि क्षेत्र के सभी पक्षों को तनाव कम करने की दिशा में अधिकतम संयम बरतते हुए मिलजुल कर लगातार काम करना चाहिए।
बयान के मुताबिक जैश-ए-मोहम्मद के नेता मौलाना मसूद अजहर को हिरासत में लिए जाने समेत पाकिस्तान की ओर से उठाए गए कदमों पर अमेरिका ने प्रधानमंत्री शरीफ के उस वादे की सराहना की।
इस संयुक्त बयान में कहीं भी भारत का जिक्र नहीं था। बयान में अमेरिका ने बहुपक्षीय निर्यात नियंत्रण कानूनों के साथ अपने रणनीतिक व्यापार नियंत्रण का तालमेल बैठाने के पाकिस्तान के जारी प्रयासों को रेखांकित किया।












Click it and Unblock the Notifications