राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिए थे बगदाद पर Air Strike के आदेश, ईरान के टॉप कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत
Recommended Video
बगदाद। अमेरिका की तरफ से बगदाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हवाई हमलों में ईरान के टॉप जनरल कासिम सुलेमानी की मौत हो गई है। गुरुवार को अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन की तरफ से इस बात की जानकारी दी गई है। सुलेमानी, ईरान की कुड्स सेना के टॉप कमांडर थे। बगदाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एयर स्ट्राइक के निर्देश राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से दिए गए थे। इन हमलों के बाद ट्रंप ने अपने ट्विटर हैंडल पर अमेरिका का झंडा पोस्ट किया है। इस एयर स्ट्राइक में ईराक के कमांडर की भी मौत हुई है।

पेंटागन की तरफ से जारी हुआ बयान
पेंटागन की तरफ से जारी बयान में कहा गया है, 'राष्ट्रपति की तरफ से मिले निर्देश के बाद अमेरिकी मिलिट्री की तरफ से विदेश में अपने सैनिकों की रक्षा के लिए निर्णयात्मक आक्रामक कार्रवाई की गई है। इस हमले में अमेरिका की तरफ से आतंकी संगठन घोषित ईरान रेवोल्यूशनरी गार्ड कोर कुड्स के मुखिया कासिम सुलेमानी की मौत हो गई है।' बताया जा रहा है कि हमले में जो दूसरे कमांडर मारे गए हैं वह भी ईराक की सेना में टॉप पद पर थे।

'हमले की योजना बना रहे थे सुलेमानी'
सुलेमानी को ईराक में तैनात ईरानी सेना का एक हाई-प्रोफाइल मिलिट्री कमांडर माना जाता था। अमेरिकी सेना की तरफ से इस एयर स्ट्राइक को सीरिया और लेबनान रास्तों के जरिए बगदाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अंजाम दिया गया था। ईराक की टेलीविजन रिपोर्ट्स में इस बात की पुष्टि की गई है। व्हाइट हाउस की तरफ से भी इस खबर की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बयान जारी किया गया है। व्हाइट हाउस की तरफ से कहा गया है कि जनरल सुलेमानी इराक में और इस क्षेत्र में तैनात अमेरिकी राजनयिकों पर आतंकी हमले की योजना बनाने में सक्रिय थे।
ISIS से थी सुलेमानी के रिश्ते!
अमेरिका पहले भी सुलेमानी को ईराक में आईएसआईएस से सांठगांठ का दोषी बता चुका है। अमेरिका की तरफ से कहा गया था कि सुलेमानी की सेना कुड्स फोर्स जो कि रेवोल्यूशनरी गार्ड का ही हिस्सा है, वह हेजबोल्लाह जैसे आतंकी संगठनों को बड़े पैमाने पर समर्थन देती आई थी। पेंटागन की तरफ से बयान में आगे कहा गया है, 'हमले का मकसद ईरान के आने वाले हमलों को नाकाम करना था। अमेरिका दुनियाभर में अपने नागरिकों और उनके हितों की रक्षा के लिए हर कदम उठाएगा' अमेरिका और ईरान के बीच पहले से ही तनाव है और अब इस तनाव के नए स्तर पर पहुंचने की आशंका जता दी गई है।

ट्रंप दे चुके थे धमकी
न्यू ईयर के मौके पर बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर हुए हमले में 25 लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद ही ट्रंप की तरफ से ईरान को अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी। उन्होंने कहा था कि अगर किसी भी तरह का कोई नुकसान हुआ तो उसके लिए ईरान को ही जिम्मेदार माना जाएगा और उसे इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। ट्रंप ने ट्विटर पर लिखा था, 'अगर इस दौरान किसी भी अमेरिकी दूतावास के सदस्य को चोट पहुंची या फिर कुछ हुआ तो बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। इसे चेतावनी नहीं, धमकी समझिए। हैप्पी न्यू ईयर।'












Click it and Unblock the Notifications