US Strike Syria: सीरिया में अमेरिकी हवाई हमला, अल-कायदा के टॉप आतंकी की मौत, जानें अब कौन नया राष्ट्रपति?
US Air Strike in Syria: अमेरिकी सेना ने गुरुवार (29 जनवरी) को उत्तर-पश्चिमी सीरिया में एक हवाई हमले में अल-कायदा से जुड़े आतंकी समूह के एक सीनियर सदस्य को मार गिराया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, यह हमला आतंकी संगठनों को कमजोर करने और उनके खतरों को खत्म करने के अभियान के तहत किया गया था। इस ऑपरेशन में हुर्र अल-दीन ग्रुप के आतंकवादी मुहम्मद सलाह अल-जबीर को निशाना बनाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
CENTCOM कमांडर जनरल माइकल एरिक कुरिल्ला ने कहा कि अमेरिका उन आतंकवादियों को मारने या पकड़ने का अभियान जारी रखेगा, जो अमेरिका और उसके सहयोगियों पर हमले की साजिश रचते हैं।

सीरिया में तख्तापलट, अहमद अल-शरा बने अंतरिम राष्ट्रपति
सीरिया में एक बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है। बशर अल-असद की सत्ता का अंत हो गया है, और अहमद अल-शरा को देश का अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त किया गया है। इस्लामी विद्रोही गठबंधन हयात तहरीर अल-शाम (HTS) ने पिछले साल 8 दिसंबर को बशर अल-असद को सत्ता से बेदखल कर दिया था। सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी SANA के मुताबिक, सैन्य अधिकारी हसन अब्देल गनी ने घोषणा की कि अहमद अल-शरा अब सीरिया का नेतृत्व करेंगे और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
हमास ने अपने कमांडर मोहम्मद डेफ की मौत की पुष्टि की
फिलिस्तीनी संगठन हमास ने गुरुवार को अपने शीर्ष सैन्य कमांडर मोहम्मद डेफ की मौत की पुष्टि कर दी। इजराइल ने पिछले साल अगस्त में दावा किया था कि उसने मोहम्मद डेफ को मार गिराया है, लेकिन हमास ने अब तक इसकी पुष्टि नहीं की थी। हमास ने उप सैन्य कमांडर मारवान इस्सा की मौत की भी घोषणा की, जिसकी पुष्टि अमेरिका ने पिछले साल मार्च में की थी। इजराइली सेना (IDF) ने 13 जुलाई 2024 को मोहम्मद डेफ के खिलाफ हवाई हमला किया था, जिसे अब आधिकारिक तौर पर सफल माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications