भारत-पाकिस्तान के बीच झगड़ा सुलझाने के लिए आगे आए यूएन चीफ बान की मून
नई दिल्ली। सर्जिकल स्ट्राइक के बाद परमाणु बम रखने वाले दोनों देश, भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध होने की आशंका के बीच संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने झगड़ा सुलझाने के लिए मध्यस्थ बनने का प्रस्ताव रखा है।

तनाव कम करने के लिए भारत-पाकिस्तान से अपील
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने तनाव कम करने के लिए भारत और पाकिस्तान से अपील की है। बान की मून के प्रवक्ता ने शुक्रवार को कहा, 'उरी आतंकी हमला और सर्जिकल स्ट्राइक के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और एलओसी पर सीजफायर उल्लंघन को देखते हुए महासचिव बहुत चिंतित हैं। उन्होंने दोनों देशों से अधिकतम संयम बरतने की अपील की है और तनाव घटाने के लिए तुरंत कदम उठाने को कहा है।'

बान की मून से मिलीं मलीहा लोधी
संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तानी दूत मलीहा लोधी महासचिव बान की मून से मिलीं। सर्जिकल स्ट्राइक पर भारत के खिलाफ दुनिया में माहौल बनाने में पाकिस्तान लगा हुआ है।
मलीहा लोधी ने भारत पर आरोप लगाते हुए बान की मून को एलओसी पर पैदा हुए खतरे से आगाह किया और इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।
मलीहा लोधी इस मामले को लेकर यूएन के पाच स्थायी सदस्यों के प्रतिनिधियों से भी मिलीं।
यूएन और भारत के अलग-अलग मत
संयुक्त राष्ट्र संघ, भारत और पाकिस्तान के बीच विवादित क्षेत्र में अपनी उपस्थिति को हमेशा रेखांकित करता रहा है।
1971 के रिजोल्यूशन 307 में सिक्योरिटी काउंसिल को यह मैंडेट दिया गया कि यूएन मिलिटरी ऑब्जर्वर ग्रुप ऑफ इंडिया एंंड पाकिस्तान (UNMOGIP) एलओसी पर सीजफायर उल्लंघन और जम्मू कश्मीर की सीमाओं का निरीक्षण करेंगे और इस बारे में रिपोर्ट देंगे।
संयुक्त राष्ट्र के इस मैंडेट को भारत हमेशा नकारता रहा है। भारत का कहना है कि यूएन मिलिटरी ऑब्जर्वर ग्रुप (UNMOGIP) का कोई सामयिक महत्व नहीं है और इसकी कोई भूमिका नहीं बची है।
भारत ने किया था सर्जिकल स्ट्राइक
उरी आतंकी हमले के कुछ दिनों बाद ही भारत ने पाकिस्तान के इलाकों में सर्जिकल स्ट्राइक किया। भारतीय सेना ने दावा किया कि सर्जिकल स्ट्राइक में सात आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया गया और इसमें कई आतंकी मारे गए। पाकिस्तान के दो जवान भी इस कार्रवाई में मारे गए।












Click it and Unblock the Notifications