'अगर नाटो रूसी सेना से भिड़ता है तो वैश्विक तबाही होगी', खुले मंच से फिर पुतिन की वार्निंग
Putin's warning to NATO: रूस और यूक्रेन के बीच 24 फरवरी से शुरू हुई जंग अभी भी जारी है। जैसे-जैसे दिन बीतते जा रहे हैं, वैसे-वैसे दोनों देशों के बीच संघर्ष बढ़ता जा रहा है। हाल ही में रूस के क्रीमिया पुल को तबाह करने के बाद हालात फिर से बिगड़ गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ( Russian President Vladimir Putin) ने NATO के बॉर्डर से महज 20 मील की दूरी पर 11 न्यूक्लियर बॉम्बर्स मुस्तैद कर दिए हैं। वहीं एक बार फिर नाटो को पुतिन ने खुले मंच से चेताया है।
Recommended Video

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को कहा कि रूसी सेना के साथ नाटो सैनिकों के किसी भी सीधे संपर्क या सीधे संघर्ष से "वैश्विक तबाही" होगी। कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में न्यूज कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पुतिन ने कहा, "किसी भी मामले में, सीधा संपर्क रूसी सेना के साथ (नाटो) सैनिकों का सीधा टकराव एक बहुत ही खतरनाक कदम है, जो वैश्विक तबाही का कारण बन सकता है। मुझे उम्मीद है कि जो लोग ऐसा कह रहे हैं वे इतने समझदार हैं कि ऐसा कदम न उठाएं।"
इससे पहले रूसी सिक्योरिटी काउंसिल के डिप्टी सेक्रेटरी अलेक्जेंडर वेनेडिकतोव ने साफ कहा था कि यूक्रेन जानता है कि अगर वह नाटो में शामिल हुआ तो ये इस युद्ध को तीसरे विश्व युद्ध में बदल देगा। उन्होंने इस बात को भी दोहराया कि इस तरह का कदम उठाने का अंजाम खुद NATO सदस्य भी अच्छे से समझते हैं।
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने पिछले महीने यूक्रेन के चार क्षेत्रों पर कब्जा करने के बाद रूसी क्षेत्र की रक्षा के लिए परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करने की चेतावनी दी थी, इस कदम की संयुक्त राष्ट्र ने इस हफ्ते निंदा की थी। व्हाइट हाउस की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक मंगलवार को ग्रुप ऑफ सेवन (G7) राष्ट्रों ने चेतावनी दी कि यूक्रेन पर परमाणु हथियारों के इस्तेमाल के गंभीर परिणाम होंगे।












Click it and Unblock the Notifications