Ukraine: कार पर चीनी झंडा लगाओगे तो बचे रहोगे, चीन ने अपने नागरिकों को क्यों दिया ऐसा फरमान
कीव, 24 फरवरी: यूक्रेन संकट पर चीन हाल के दिनों में रूस के पीछे खड़ा दिखा है। अब जब रूस ने हमला कर ही दिया है तो चीन ने यूक्रेन के विभिन्न शहरों में रह रहे अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा संबंधी खास एडवाइजरी की है। जाहिर है कि भारत समेत सभी देशों को वहां रहने वाले अपने नागरिकों की जान-माल की चिंता है। लेकिन, इसके साथ ही चाइनीज दूतावास ने वहां अपने नागरिकों को गाड़ियों में चाइनीज झंडा लगाने की भी सख्त हिदायत दे दी है। आइए जानते हैं इसके पीछे उसका मकसद क्या हो सकता है और अमेरिका ने किस तरह से अपने नागरिकों को किसी भी हमले से बचने के उपाय बताए हैं।

चीनी दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए जारी किया फरमान
यूक्रेन पर आक्रमण की रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के ऐलान के साथ ही वहां रह रहे चीनी नागरिकों के लिए चाइनीज दूतावास ने गुरुवार तड़के फरमान जारी कर दिया है। कीव स्थित चीनी दूतावास ने बयान जारी कर कहा है, 'यूक्रेन में परिस्थितियां नाटकीय ढंग से बिगड़ चुकी है। कई शहरों में बमबारी हो रही है और मिलिट्री ऑपरेशन चल रहा है।' चीन ने वहां रह रहे अपने नागरिकों से कहा है घर में ही रहें और दरवाजों या शीशे से दूर रहें। ड्रैगन ने अपने नागरिकों को चेताया है कि सड़कों पर 'भयंकर दंगे' भड़क सकते हैं।

यूक्रेन पर हमले के बाद वहां असहज स्थिति में आ चुका है चीन
चीन ने अपने नागरिकों से कहा है कि वे हालात पर लगातार नजर रखें और वहां के चीनी संगठनों के संपर्क में रहें और चीन के लोगों की छवि और चीन की ताकत को दिखाने के लिए एक-दूसरे की ओर मदद का हाथ बढ़ाएं।' दरअसल, मौजूदा संकट की वजह से चीन खुद को वहां पर बहुत ही असहज स्थिति में पा रहा है। क्योंकि, अपने घरेलू मामलों में पश्चिमी दखल और अपनी सुरक्षा पर खतरे के नाम पर हाल के समय में चीन और रूस काफी नजदीक आए हैं। हाल में पुतिन और शी जिनपिंग के बीच हुए सम्मेलन की वजह से यह साझेदारी सार्वजनिक तौर पर जाहिर हो चुकी है। ऐसे में यूक्रेन में रह रहे चीनी नागरिकों के प्रति वहां के लोगों का नजरिया क्या होगा, इसका अंदाजा ही लगाया जा सकता है।

सच हो गई यूक्रेन की आशंका
बुधवार रात तक संयुक्त राष्ट्र में चीन के राजदूत झांग जुन ने सभी पक्षों से 'दिमाग शांत रखने और तर्कसंकत' बने रहने का आह्वान करते हुए कहा था कि अभी भी 'एक शांतिपूर्ण समाधान' संभव है। जबकि,यूक्रेनी राजदूत ने यहां तक कह दिया था कि रूस के हमलों को देखते हुए पीछे हटने के लिए अब 'बहुत देर हो चुकी' है। और आखिरकार गुरुवार सुबह यूक्रेन की आशंका सच साबित हो गई और रूस ने औपचारिक तौर पर युद्ध का ऐलान कर दिया।

कार पर चीनी झंडा लगाओगे तो बचे रहोगे-चीन
अब जब यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध भड़क ही चुका है तो चीन ने वहां रह रहे अपने नागरिकों को घरों में रहने की हिदायत देने के साथ ही कहा है कि वो अपनी सुरक्षा के लिए अपनी कारों और वाहनों पर चाइनीज झंडा लगा लें। शायद चीन को लग रहा है कि अगर रूस लक्षित निशाना साधता है तो चीन का झंडा देखकर वह हमला नहीं करेगा। इसी तरह यूक्रेन में भी गैर-रूसी विदेशी नागरिक होने की वजह से उसके नागरिकों की जान बच सकती है। क्योंकि, चीनी दूतावास की चेतावनी में सड़कों पर दंगे भड़कने की भी आशंका जताई गई है।

अमेरिका ने भी यूक्रेन में अपने नागरिकों को दी खास हिदायत
यूक्रेन के शहरों में रूसी हमले की आशंका को देखते हुए अमेरिका ने भी वहां रह रहे अपने नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की है और 'सुरक्षित ठिकानों' पर शरण लेने को कहा है। अमेरिकी दूतावास ने ट्विटर के जरिए कहा है, 'यूक्रेन के कई बड़े शहरों में रूस की ओर से ठिकानों पर हमले की जानकारी है, जिसमें कीव, खारकिव,ओडेसा, इवानो-फ्रैंकिव्स्क और मारियपोल शामिल हैं।'

हमले के दौरान क्या करें, क्या ना करें ?
अमेरिका ने यूक्रेन में रह रहे अपने नागरिकों से कहा है- 'यूक्रेन में अमेरिकी नागरिकों को सुरक्षित ठिकानों पर रहने और ये सब करने की सलाह दी जाती है:
- 'यदि आप कोई जोरदार धमाका सुनते हैं या अगर सायरन बजने लगते हैं, तो तुरंत कवर लें।
- अगर किसी घर में या इमारत में हैं तो सबसे नीचे चले जाएं, उस स्थान पर पहुंचें जहां बाहरी दीवारें, खिड़कियां या खुली जगह कम हों; अगर कोई दरवाजा हो तो बंद करें और भीतर की दीवार के पास बैठें, खिड़कियों या खुली जगह से दूर।
- अगर आप घर से बाहर हैं तो तत्काल किसी सख्त ढांचे में कवर लें; अगर ये संभव ना हो तो नीचे लेट जाएं और अपनी हाथों से सिर को ढंक लें।'












Click it and Unblock the Notifications