कोरोना में केरल के प्रभु नटराजन ने जीता ब्रिटेन का दिल, पीएम जॉनसन ने खास अवार्ड से किया सम्मानित
लंदन, 1 जून: केरल के प्रभु नटराजन को कोरोना काल में लोगों को मदद पहुंचाने के उनके प्रयासों के लिए ब्रिटेन सरकार ने सम्मानिक किया है। ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन ने प्रभु को यूके पॉइंट ऑफ लाइट अवार्ड से सम्मानित किया है। ब्रिटेन में कोरोना लॉकडाउन के दौरान नटराजन और उनके बेटे अद्वेत ने सुपरहीरो और सांता क्लॉज की ड्रेस पहनकर ऐसे सैकड़ों लोगों को भोजन पहुंचाया, जो इस दौरान काफी मुश्किल में थे।

बीते साल ही गए थे ब्रिटेन
प्रभु नटराजन अपनी पत्नी और बेटे के साथ बीते साल मार्च के शुरू में ब्रिटेन गए थे। वो ब्रिटेन के बैनबरी पहुंचे ही थे कि कोरोना बढ़ने लगा और एक महीने के भीतर ही दुनिया के ज्यादातर देशों में लॉकडाउन लागू हो गया। इससे उनको उस नौकरी के मिलने में भी देरी हुई, जिसके लिए वो यूके पहुंचे थे। ऐसे में प्रभु अपनी बीवी और बेटे के साथ लोगों की सेवा में जुट गए, जिसे अब ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने भी सराहा है और सम्मानित किया है।

लोगों की मदद के लिए खुद को समर्पित कर दिया
प्रभु नटराजन ने लॉकडाउन के बाद लोगों की सेवा में जुट गए। ब्रिटिश सरकार ने बताया है कि नटराजन ने शहर भर के सैकड़ों परिवारों तक खाना पहुंचाया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट और दूसरी खाद्य सामग्री भी बांटी। उन्होंने एक फूड बैंक भी स्थापित किया, जिसमें जरूरतमंद लोगों को फूड पार्सल इकट्ठा करना और पहुंचाना शामिल था। महामारी के मुश्किल समय में उनके इन प्रयासों के लिए ब्रिटेन सरकार ने नटराजन को यूके पॉइंट्स ऑफ लाइट अवार्ड से दिया है।

परिवार की मदद से हुआ ये सब संभव
नटराजन ने कहा कि मैं यह पुरस्कार उनको समर्पित करता हूं, जिनको हमने कोविड संक्रमण से खो दिया है। नटराजन ने इस पुरस्कार के लिए पीएम बोरिस जॉनसन का भी धन्यवाद किया है। नटराजन ने कहा कि ये उनका अकेले किया काम नहीं है, मेरी पत्नी शिल्पा, बेटे अद्वैत और पूरे बैनबरी ने इसके लिए समर्थन दिया है।












Click it and Unblock the Notifications