ब्रिटेन: महिला सांसद को बच्चे के साथ पार्लियामेंट जाने से रोका, छिड़ी बहस
लंदन, 24 नवंबर: ब्रिटेन में संसद के भीतर सांसद के अपने बच्चों को लेकर बैठने को लेकर एक बहस छिड़ गई है। सांसद स्टेला क्रेसी सदन के भीतर अपने तीन महीने के बच्चे को गोद में लेकर पहुंची थीं, जिसके बाद अथॉरिटी ने उनको बच्चे को ना लेकर आने को कहा है। इस पर उन्होंने एतराज जताया है, जिसमें उनको कई दूसरे संसद सदस्यों का भी साथ मिला है। सदस्यों ने मांग की है कि बच्चों को ना लाने से जुड़े नियम में बदलाव किया जाए।

लेबर पार्टी सासंद स्टेला क्रेसी ने कहा कि अपने बेटे पिप को लेकर सदन की बहस में जाने के बाद उन्हें हाउस ऑफ कॉमन्स के अधिकारियों से एक पत्र मिला है। जिसमें उनको कहा गया है कि वो वह अपने 3 महीने के बच्चे को हाउस ऑफ कॉमन्स चैंबर में नहीं ला सकती हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बुधवार को कई ब्रिटिश राजनेताओं ने संसदीय नियमों में बदलाव की मांग करते हुए कहा है कि छोटे बच्चों को साथ ले जाने की इजाजत होनी चाहिए।
स्टेला क्रेसी ने कहा है कि वह पहले पिप और अपनी बड़ी बेटी दोनों को बिना किसी समस्या के संसद लेकर जाती रही हैं। अब उनको कहा गया है कि सितंबर में नियम बदल दिए गए हैं। ऐसे में संसद सदस्य बच्चों के साथ अपनी सीट पर नहीं जाएं। उन्होंने कहा, यह नियम राजनीति को फैमिली फ्रेंडली बनाने के प्रयासों को कमजोर करता है। इससे मांओं को राजनीति में सक्रिय रहने में बाधाएं खड़ी होंगी और मुझे लगता है कि यह हमारी राजनीतिक बहस को भी नुकसान पहुंचाएगा।
इस मामले को लेकर उप प्रधान मंत्री डॉमिनिक रैब ने कहा है कि उन्हें क्रेसी के लिए सहानुभूति है लेकिन इस पर फैसला सदन के अधिकारियों को करना है। मुझे लगता है कि हमें यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि हमारे पेशे को आधुनिक किया जाए। वहीं ग्रीन पार्टी के सदस्य कैरोलिन लुकास ने कहा कि ये प्रतिबंध एकदम बेतुका है।












Click it and Unblock the Notifications