UAE Indians Killed:डॉ. शमशीर कौन? जिन्होंने दुबई हादसे में मारे गए 6 भारतीयों के परिवारों को दिए 26-26 लाख
UAE Road Accident Indians Killed: दुबई की एमिरेट्स रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 6 भारतीयों समेत 7 कर्मचारियों की मौत के बाद UAE में रहने वाले भारतीय उद्यमी डॉ. शमशीर वयालिल ने बड़ा मानवीय कदम उठाया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के लिए 2.6 करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की थी, जो अब उत्तर प्रदेश और तेलंगाना के पीड़ित परिवारों तक पहुंचा दी गई है।
हर परिवार को 26-26 लाख रुपये दिए गए हैं। इतना ही नहीं, घायलों को भी आर्थिक मदद मिली है और एक मृतक की बेटी की पढ़ाई तथा UAE में नौकरी की जिम्मेदारी लेने का भी वादा किया गया है। आखिर कौन हैं डॉ. शमशीर वयालिल, जिनकी इस पहल की चर्चा हो रही है?

कौन हैं डॉ. शमशीर वयालिल?
डॉ. शमशीर वयालिल UAE में रहने वाले भारतीय डॉक्टर, उद्योगपति और VPS हेल्थ के संस्थापक एवं चेयरमैन हैं। केरल से ताल्लुक रखने वाले डॉ. शमशीर ने खाड़ी देशों में स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा नेटवर्क खड़ा किया है। उनके अस्पताल UAE के अलावा कई अन्य देशों में भी हैं। बिजनेस के साथ-साथ वे समाजसेवा और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए भी जाने जाते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और आपदा राहत के क्षेत्र में उनकी कई सामाजिक पहलें लगातार चलती रहती हैं।
ये भी पढे़ं: Who is Yash Bhardwaj: कौन हैं यश भारद्वाज? दुबई में भारी पड़ा एक मजाक! 47 दिन जेल काटने के बाद लौटे भारत
हादसे के बाद परिवारों तक खुद पहुंचाई मदद
8 जून को दुबई की एमिरेट्स रोड पर हुए हादसे में 7 कर्मचारियों की मौत हो गई थी, जिनमें 6 भारतीय थे। हादसे के बाद डॉ. शमशीर के कार्यालय के प्रतिनिधि उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और श्रीलंका तक पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की, संवेदना व्यक्त की और आर्थिक सहायता सौंपी। हर परिवार को 26 लाख रुपये दिए गए। इस दौरान परिवारों की भविष्य की जरूरतों का भी आकलन किया गया ताकि आगे भी उन्हें सहयोग मिल सके।
बेटी की पढ़ाई और नौकरी की जिम्मेदारी भी ली
उत्तर प्रदेश के मऊ निवासी मृतक मार्कंडेय चौहान की बेटी अंकिता ने बताया कि वह बीएससी नर्सिंग करना चाहती हैं। इस पर डॉ. शमशीर ने वीडियो कॉल पर परिवार से बात करते हुए उनकी पूरी पढ़ाई का खर्च उठाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई पूरी होने के बाद अंकिता को UAE में नौकरी का अवसर भी दिया जाएगा। इस घोषणा ने परिवार को आर्थिक ही नहीं, बल्कि भविष्य के लिए भी नई उम्मीद दी है।
घायलों को भी नहीं छोड़ा, सभी को मिली सहायता
डॉ. शमशीर की मदद सिर्फ मृतकों के परिवारों तक सीमित नहीं रही। हादसे में घायल 9 कर्मचारियों को भी उनकी चोट की गंभीरता के अनुसार आर्थिक सहायता दी गई। इनमें 8 भारतीय और एक नेपाली नागरिक शामिल हैं। कुछ लोगों को UAE में ही सहायता राशि दी गई, जबकि भारत लौट चुके घायलों के खातों में सीधे पैसे भेजे गए। अस्पताल में इलाज करा रहे गंभीर घायलों को भी आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया गया।
ये भी पढे़ं: UAE Social Media Ban: 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध, सरकार के फैसले से मचा हड़कंप
क्यों हो रही है इस पहल की चर्चा?
दुबई हादसे के बाद डॉ. शमशीर वयालिल ने केवल आर्थिक मदद नहीं की, बल्कि पीड़ित परिवारों के भविष्य की चिंता भी दिखाई। बच्चों की शिक्षा, रोजगार और लंबे समय तक सहयोग का भरोसा इस पहल को खास बनाता है। ऐसे समय में जब कई परिवारों ने अपना इकलौता कमाने वाला सदस्य खो दिया, यह सहायता उनके लिए बड़ी राहत साबित हुई। यही वजह है कि उनकी इस मानवीय पहल की भारत और UAE दोनों जगह सराहना की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications