UAE ने देश आने वाले यात्रियों के लिए बनाए सख्त नियम, भारतीय यात्रियों के भी रखी गई है बड़ी शर्तें
संयुक्त अरब अमीरात ने कोरोना वायरस को देखते हुए नये यात्रा दिशा निर्देश जारी किए हैं, जिनमें वैक्सीन नहीं लेने वालों के देश से बाहर निकलने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
दुबई, जनवरी 02: कोरोना वायरस का ओमिक्रॉन वेरिएंट पूरी दुनिया में तेजी से फैल रहा है। हालांकि, अभी तक आई रिपोर्ट्स में यही कहा गया है, कोरोना के दूसरे वेरिएंट्स के मुकाबले ओमिक्रॉन के फैलने की रफ्तार भले ही ज्यादा है, लेकिन ये कम खतरनाक है। लेकिन, ओमिक्रॉन से बचाव के उपाय हर देश अपना रहे हैं और संयुक्त अरब अमीरात ने भी अपने देश के यात्रा नियमों में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। चूंकी भारत से काफी ज्यादा संख्या में लोग यूएई जाते हैं, लिहाजा भारतीय यात्रियों के लिए इन नियमों को जानना बेहद जरूरी है।

वैक्सीन नहीं लेने वालों पर प्रतिबंध
संयुक्त अरब अमीरात ने कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट को देखते हुए काफी ज्यादा सख्त यात्रा नियमों की घोषणा की है और 10 जनवरी से उन नागरिकों के देश से बाहर आने और बाहर जाने पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है, जिन्होंने कोविड का टीका नहीं लिया है। हालांकि, देश से बाहर जाने वाले नियम में सिर्फ वो नागरिक ही शामिल हैं, जो यूएई के रहने वाले हैं। संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रीय आपातकालीन संकट और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनसीईएमए) ने कहा कि, टीकाकरण करने वाले नागरिक भी अगर यात्रा करना चाहते हैं, तो उन्हें बूस्टर खुराक लेना होगा और बिना बूस्टर खुराक लिए यूएई के नागरिक देश से बाहर की यात्रा नहीं कर सकते हैं।

10 जनवरी से लागू होंगे नियम
हालांकि, संयुक्त अरब अमीरात ने अपने देश के नागरिकों को लेकर काफी ज्यादा सख्त नियम बनाए हैं और वैसे नागरिक, जिन्होंने अभी तक वैक्सीन की खुराक नहीं ली है, वो देश से बाहर जा ही नहीं सकते हैं और वैक्सीन लेने वालों को भी यात्रा के लिए बूस्टर डोज लेना होगा। वही, यूएई ने उन लोगों को छूट देने की बात कही है, जो चिकित्सा सेवा से जुड़े हैं, वैक्सीन डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़े हैं और इलाज के लिए जिन लोगों को देश से बाहर जाना बेहद जरूरी है। यूएई सरकार के द्वारा पोस्ट किए गये एक ट्वीट में कहा गया है कि,"10 जनवरी 2022 से #Covid19 वैक्सीन के बिना संयुक्त अरब अमीरात के नागरिकों पर यात्रा पर प्रतिबंध, पूरी तरह से टीकाकरण वाले लोग बूस्टर खुराक प्राप्त करने की आवश्यकता के साथ ही बाहर जा सकते हैं"। आगे लिखा है कि, "वैक्सीन अनिवार्यता मानवीय और उपचार के मामलों को लेने से चिकित्सकीय रूप से छूट के साथ लागू।"

ओमिक्रॉन को देखते हुए शर्तें लागू
पिछले महीनों में संयुक्त अरब अमीरात ने भी अपने देश का दरवाजा हर किसी के लिए खोल दिया था, लेकिन ओमिक्रॉन वेरिएंट की वजह से एक बार फिर से मरीजों की संख्या में आ रहे उछाल को देखते हुए यूएई सरकार की तरफ से नये प्रतिबंधों की घोषणा की गई है। वहीं, ओमिक्रॉन वेरिएंट को देखते हुए दुनियाभर में हजारों उड़ानों को रद्द किया जा चुका है और कई देशों ने सख्त यात्रा नियमों की घोषणा की है और देश में सख्त गाइडलाइंस जारी किए हैं।

यूएई में कोविड की स्थिति
स्वास्थ्य और रोकथाम मंत्रालय के अनुसार शनिवार को यूएई में 24 घंटों में 2,556 नये कोविड मरीज मरीज मिले हैं और देश में अभी तक कोविड संक्रमण के 7 लाख 64 हजार 493 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। यूएई स्वास्थ्य मंत्रालय ने वायरस से पिछले 24 घंटे में एक शख्स के मौत होने की जानकारी दी है, जिससे देश में मरने वालों की संख्या 2,165 हो गई है। वहीं, इस हफ्ते भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी यूएई के दौरे पर जाने वाले थे, लेकिन ओमिक्रॉन वेरिएंट को देखते हुए पीएम मोदी ने अपनी यात्रा फिलहाल के लिए स्थगित कर दी है और अब ऐसी रिपोर्ट है कि, पीएम मोदी की यूएई यात्रा फरवरी महीने में हो सकती है। हालांकि, अभी तक पीएम मोदी के यात्रा स्थगित होने को लेकर आधिकारिक घोषणा दोनों ही देशों की तरफ से नहीं की गई है, जबकि पहले उम्मीद थी की, 5 और 6 जनवरी को पीएम मोदी यूएई और कुवैत के दौरे पर जा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications