Threads: ट्विटर की कॉपी करने पर भड़के एलन मस्क, कहा- कम्पटीशन करो, चीटिंग नहीं, मेटा को भेजेंगे लीगल नोटिस
ट्विटर नए थ्रेड्स प्लेटफॉर्म को लेकर मेटा प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अमेरिकन न्यूज वेबसाइट सेमाफोर ने ट्विटर के वकील एलेक्स स्पिरो द्वारा फेसबुक सीईओ मार्क जुकरबर्ग को भेजे गए एक पत्र का हवाला देते हुए रिपोर्ट दी है।
ट्विटर के वकील स्पिरो ने मार्क जुकरबर्ग को भेजे गए पत्र में लिखा है कि ट्विटर अपने बौधिक संपदा अधिकारों को सख्ती से लागू करने का इरादा रखता है। ट्विटर की मांग है कि मेटा, ट्विटर से जुड़े सीक्रेट और बेहद खुफिया जानकारियों का इस्तेमाल बंद करे।

स्पिरो ने इस पत्र में आरोप लगाया है कि ट्विटर में हुई छंटनी के बाद मेटा ने उनके पूर्व कर्मचारियों को नौकरी पर रखा। ये वे लोग थे जिन्हें ट्विटर के बारे में कई अहम और खुफिया जानकारियां मालूम थीं। हालांकि मेटा के प्रवक्ता एंडी स्टोन ने बताया कि थ्रेड्स की टीम में कोई भी ट्विटर का पूर्व स्टाफ नहीं है।
आपको बता दें कि मेटा ने ट्विटर को टक्कर देने के लिए एक दिन पहले ही थ्रेड्स ऐप को लॉन्च किया है। इस ऐप को भारत के साथ-साथ 100 से भी ज्यादा देशों में लॉन्च किया गया है। इस ऐप को आप एंड्रॉइड और IOS दोनों पर डाउनलोड कर सकते हैं।
थ्रेड्स ऐप आने के बाद से एक दिन के भीतर ही करोड़ों लोग इसे डाउनलोड कर चुके हैं। थ्रेड्स की इस धांसू सफलता पर एलन मस्क ने नाखुशी जताई है। मस्क ने ट्विटर पर लिखा, प्रतियोगिता सही है लेकिन धोखाधड़ी गलत है।
मेटा के नए लांच हुए ऐप में इतनी समानता है कि खुद मार्क जुकरबर्ग भी इसे स्वीकार कर चुके हैं। मार्क जुकरबर्ग ने ट्विटर पर 11 साल बाद एक ट्वीट किया है। उन्होंने ट्विटर पर एक मीम शेयर किया जिसमें स्पाइडर मैन की ड्रेस में खड़े दो लोग एक दूसरे को हैरानी से देख रहे हैं।
जुकरबर्ग ने ये ट्वीट, ट्विटर और एलन मस्क को ट्रोल करने के लिए किया। दुनिया जानती है कि थ्रेड्स के फीचर वही है जो ट्विटर देता है। जुकरबर्ग ने ये मीम शेयर कर यह सार्वजनिक रूप से मान लिया है कि थ्रेड्स और ट्विटर एक जैसे ही हैं।












Click it and Unblock the Notifications