तुर्की में अब तक का सबसे बड़ा आतंकी हमला, 95 मौतें
अंकारा। तुर्की में चुनाव के दौरान हुए बम धमाकों में मरने वालों की संख्या 95 के पार हो गई है। ये धमाके तब हुए जब वामपंथियों और कुर्द समर्थकों की शांति रैलियों का आयोजन हो रहा था।

वामपंथियों और कुर्द समर्थकों की शांति रैली चुनाव के मद्देनजर हो रही थी। तभी दो आत्मघाती हमलावर रैलियों में दाखिल हुए और खुद को उड़ा लिया।
पहला हमला शहर के मुख्य ट्रेन स्टेशन के नजदीक हुआ, जबकि दूसरा रैली स्थल के पास। इसका शक कई आतंकी संगठनों पर जताया जा रहा है। पहला शक कुर्द उग्रवादियों पर है, जो चुनाव में माहौल खराब करने की फिराक में पहले से था।
दूसरा शक आईएसआईएस पर है। तुर्की ने विश्व पटल पर आईएसआईएस पर अपना रुख बदला था। साथ ही सीरिया और इराक में आईएसआईएस के ठिकानों पर हमला करने के लिये तुर्की ने अपने एयरबेस का प्रयोग करने की इजाजत दी थी।
मीडिया पर लगा सेंसर
तुर्की सरकार ने मीडिया पर वीभत्स एवं दहशत फैलाने वाली तस्वीरें वायरल करने पर रोक लगा दी है। साथ ही सरकार ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।
विस्फोटों के बाद जमीन पर प्रदर्शनकारियों के शव बिखरे देखे गए। प्रदर्शनकारियों के वे बैनर भी बिखरे पड़े थे जिन पर 'काम, शांति और लोकतंत्र' संबंधी नारे लिखे थे।
तुर्की के प्रधानमंत्री अहमत दावुतोग्लु के कार्यालय द्वारा अद्यतन की गई सूचना के अनुसार हमले में 246 लोग घायल हुए हैं जिनमें से 48 गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications