पेरिस समझौते से अमेरिका बाहर, डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को दिया दोष
वॉशिंगटन। अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वर्ष 2015 में हुए पेरिस क्लाइमेट एग्रीमेंट से अमेरिका के बाहर निकलने का ऐलान कर दिया है। ट्रंप ने इसके साथ ही भारत को सबसे ज्यादा प्रदूषण फैलाने वाला देश भी करार दिया। वर्ष 2016 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों में ट्रंप ने इस बारे में ऐलान भी किया था।

भारत को मिली अरबों डॉलर की मदद
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक पेरिस क्लाइमेट डील अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए खतरा है और यह अमेरिकी नौकरियों के लिए बड़ा संकट भी थी। ट्रंप ने इस डील से अमेरिका के बाहर निकलने पर चीन और भारत को दोषी ठहराया। अमेरिका ने कहा कि भारत को वर्ष 2015 के पेरिस एग्रीमेंट के तहत बिलियन डॉलर की रकम मिलती और साथ ही चीन को भी बड़ा फायदा होता है। चीन और भारत जैसे देश अमेरिका की ओर से मिलने वाली बिलियन डॉलर्स की मदद से कोयले से संचालित होने वाले पावर प्लांट्स को दोगुना कर लेते। ट्रंप के इस फैसले पर डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता नैंसी पेलोसी ने कहा कि अमेरिका के बाहर होने से क्लामेट चेंज पर अब अमेरिका की नेतृत्व को बड़ा झटका लगा है। उन्होंने कहा, 'अगर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चाहते हैं कि चीन और भारत को इस मुद्दे पर और कड़ा रवैया अपनाना होगा तो उन्हें जिम्मेदार बनना होगा। उन्हें पेरिस एग्रीमेंट में नए कानून लाने होंगे। इस एग्रीमेंट से बाहर चले जाना कोई विकल्प नहीं है।
पूर्व राष्ट्रपति ओबामा निराश
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा, जिनके कार्यकाल में अमेरिका इस समझौते का हिस्सा बना था, ट्रंप के इस फैसले से काफी दुखी हैं। बराक ओबामा ने इस डील को मुकाम तक पहुंचाने के लिए काफी मेहनत की थी। उन्होंने कहा, 'अमेरिकी नेतृत्व की अनुपस्थिति के बावजूद मुझे पूरा भरोसा है कि अमेरिकी राज्य, शहर और बिजनेस इस रास्ते पर चलने की कोशिश करेंगे और आने वाली पीढ़ियों के लिए इस ग्रह को बचाने का काम करेंगे।' वहीं पेरिस के मेयर ने ट्रंप के इस फैसले को बड़ी गलती करार दिया है। यूरोपियन कमीशन के अध्यक्ष जीन क्लॉड जंकेर ने ट्रंप के कदम को एक 'गंभीर गलत फैसला' करार दिया है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनयुएल मैक्रान ने कहा कि ट्रंप ने पेरिस जलवायु परिवर्तन समझौते से अलग हो कर ऐतिहासिक भूल की है। साथ ही उन्होंने जलवायु परिवर्तन पर काम करने वाले अमेरिकी वैज्ञानिकों को फ्रांस में आकर काम करने के लिए आमंत्रित किया है।












Click it and Unblock the Notifications