मोदी सरकार ने 59 चीनी एप्स पर लगाया बैन, चीन ने कहा स्थिति चिंताजनक
बीजिंग। भारत सरकार ने सोमवार को 59 चीनी एप्स को बैन कर दिया है। भारत सरकार के इस फैसले पर चीन की तरफ से प्रतिक्रिया आई है। चीन के विदेश मंत्रालय ने इसे एक गंभीर स्थिति करार दिया है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने कहा है कि उनका देश इस कदम से बेहद चिंतित है और स्थिति की पुष्टि कर रहा है। न्यूज एजेंसी एएनआई की तरफ से चीनी प्रतिक्रिया के बारे में जानकारी दी गई है।
Recommended Video

भारत सरकार को दी कानूनी हितों की रक्षा की सलाह
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिजियान ने आगे कहा, 'चीनी सरकार हमेशा अपने व्यापारियों को अंतरराष्ट्रीय कानून और स्थानीय नियामकों का पालन करने पर जोर देती है। भारत सरकार की भी जिम्मेदारी है कि वह अंतरराष्ट्रीय निवेशकों जिसमें चीनी भी शामिल हैं, उनके कानूनी अधिकारों की सुरक्षा करे।' सरकार ने अपने बयान में कहा था कि 'जो जानकारी सरकार के पास है उसके मुताबिक ये ऐप्स भारत की संप्रभुता और अखंडता,सुरक्षा, राज्य की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरनाक हैं और उन्हें बढ़ाने वाली गतिविधियों में शामिल हैं।'
टिकटॉक ने कहा चीन के साथ डाटा साझा नहीं करते
सोमवार को मोदी सरकार ने चीन को तगड़ा झटका देते हुए 59 चीनी ऐप्स को प्रतिबंधित कर दिया। जिन एप्स को बैन किया गया है उनमें टिकटॉक, यूसी ब्राउजर, वीचैट, ब्यूटीकैम, शेयरइट और कैम स्कैनर समेत एप्स शामिल हैं। भारत में चीनी एप्स पर बैन लगने के बाद चीनी कंपनियों की तरफ से प्रतिक्रिया आ रही है। टिकटॉक ने अपनी सफाई में कहा कि हम किसी प्रकार डाटा चीन के साथ साझा नहीं करते हैं। टिकटॉक इंडिया के मुखिया, निखिल गांधी ने कहा, 'हमें संबंधित सरकारी स्टेक होल्डर्स के साथ मिलकर जवाब देने और स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है।' उन्होंने साफ तौर पर कहा कि टिकटॉक चीन की सरकार के साथ किसी प्रकार की जानकारी साझा नहीं करती है।'












Click it and Unblock the Notifications