BRICS: 'ब्रिक्स से जुड़ना चाहते हैं 30 देश', रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का दावा
अमेरिका के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने मंगलवार को कहा कि 30 देशों ने ब्रिक्स ग्रुप के साथ साझेदारी संबंध स्थापित करने में अपनी इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि अगले साल अक्तूबर में रूसी शहर कजान में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में इससे जुड़े समाधानों पर चर्चा की जाएगी।
विदेश में हमवतन लोगों के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और समर्थन पर संयुक्त रूस आयोग के एक सत्र को संबोधित करते हुए, लावरोव ने कहा कि ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका वाले पांच देशों के समूह से जुड़ने की इच्छा कई देशों ने जताई है।

रूसी मंत्री ने कहा कि इसका मतलब यह है कि ब्रिक्स वास्तव में लोकतांत्रिक और पारस्परिक रूप से सम्मानजनक आधार पर काम कर रहा है। इसी साल 22-24 जून तक दक्षिण अफ्रीका में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान, ब्रिक्स नेताओं ने 1 जनवरी, 2024 से अर्जेंटीना, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात को नए सदस्यों के रूप में जोड़ने पर सहमति व्यक्त की।
शीर्ष रूसी राजनयिक ने कहा, "हम बहुध्रुवीय दुनिया के स्तंभों में से एक के रूप में ब्रिक्स की स्थिति को मजबूत करने के लिए काम करना जारी रखेंगे।" उन्होंने कहा कि ब्रिक्स के जरिए वैश्विक विकास और सुरक्षा के लिए बहुपक्षवाद को मजबूत करना होगा।
रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर बुधवार को मॉस्को में अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव से मुलाकात करेंगे। जयशंकर विभिन्न द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा के लिए रूस की पांच दिवसीय यात्रा पर हैं। एस जयशंकर रूस के उप प्रधानमंत्री तथा उद्योग और व्यापार मंत्री डेनिस मांतुरोव से भी मुलाकात करेंगे और आर्थिक साझेदारी से जुड़े मामलों पर उनसे चर्चा करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications