THAAD Missile: थाड एंटी-मिसाइल सिस्टम क्या है, जिसे इजराइल में तैनात करेगा अमेरिका? बौखलाया ईरान
THAAD Missile: ईरान के साथ भीषण संघर्ष की आशंका और हिज्बुल्लाह की तरफ से लगातार हो रहे हमले के बीच पेंटागन ने रविवार को कहा है, कि संयुक्त राज्य अमेरिका, इजराइल को टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस (THAAD) बैटरी सिस्टन और 100 सैनिकों को भेजेगा।
पेंटागन के प्रवक्ता मेजर जनरल पैट राइडर ने एक बयान में कहा, कि रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन ने राष्ट्रपति जो बाइडेन के निर्देश पर THAAD बैटरी की तैनाती को अधिकृत किया है। राइडर ने कहा, कि अप्रैल और अक्टूबर में इजराइल पर ईरान के मिसाइल हमलों के बाद वायु रक्षा प्रणाली इजरायल की वायु रक्षा को मजबूत करने में मदद करेगी।

इजराइल को किला बना देगा अमेरिका
बाइडेन प्रशासन का ये कदम, ईरान के विदेश मंत्री की तरफ से रविवार को एक ऑनलाइन पोस्ट में इजराइल में संभावित रूप से काम कर रहे अमेरिकी बलों को अप्रत्यक्ष रूप से धमकी दिए जाने के कुछ घंटों बाद उठाया गया है। यह टिप्पणी सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में आई थी, जो ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची से जुड़ी हुई है, जिन्होंने विश्व शक्तियों के साथ ईरान के 2015 के परमाणु समझौते तक पहुंचने में मदद की थी।
अपने संदेश में, ईरानी विदेश मंत्री अराघची ने संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा संभावित रूप से अपने टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस सिस्टम (THAAD) में से एक को इजराइल भेजने का जिक्र किया है। THAAD मिसाइल सिस्टम को ऑपरेट करने के लिए अमेरिका ने 100 जवानों को भी इजराइल में भेजने की घोषणा की है, जो इस सिस्टम को ऑपरेट करेंगे।
एक्स पर ईरानी विदेश मंत्री के हवाले से संदेश में लिखा था, "अमेरिका, इजराइल को रिकॉर्ड मात्रा में हथियार दे रहा है। अब यह इजराइल में अमेरिकी मिसाइल प्रणालियों को संचालित करने के लिए अपने सैनिकों को तैनात करके उनके जीवन को भी खतरे में डाल रहा है।"
इजराइल इस वक्त, ईरानी मिसाइल हमलों का जवाब देने की तैयारी कर रहा है और देश को किला बना रहा है, ताकि हिज्बुल्लाह या ईरानी खतरों से निपटा जा सके। इसके अलावा, इजराइली सेना ने लेबनान में हिज्बुल्लाह के खिलाफ अपने अभियान को काफी तेज कर दिया है, जिसमें हवाई हमले और ठिकानों पर हमले शामिल हैं।
THAAD कैसे इजराइल को बनाएगा किला?
आपको बता दें, कि THAAD एक डिफेंसिव सिस्टम है, जो सामने से आने वाली बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराती है, जैसे ईरान ने अपने पिछले हमले में इजराइल पर दागी थीं। THAAD 200 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर बैलिस्टिक मिसाइलों को रोक सकता है और 1,000 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर मौजूद लक्ष्य को ट्रैक कर सकता है।
THAAD एक अमेरिकी-विकसित मिसाइल रक्षा प्रणाली है, जिसे उच्च ऊंचाई पर बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने और नष्ट करने के लिए डिजाइन किया गया है, जो सुरक्षा की एक महत्वपूर्ण परत प्रदान करता है। यह छोटी, मध्यम और सीमित मध्यवर्ती दूरी की मिसाइल खतरों को बेअसर करने में सक्षम है। यह प्रणाली, इजराइल की रक्षा को बढ़ाती है, खासकर पैट्रियट रक्षा प्रणाली की हाल ही में रिटायर्ड होने के बाद इसका महत्व और बढ़ गया है।

प्रत्येक THAAD बैटरी में आमतौर पर छह ट्रक-माउंटेड लॉन्चर, 48 इंटरसेप्टर, रडार उपकरण होते हैं, और इसे संचालित करने के लिए लगभग 95 सैनिकों की आवश्यकता होती है। अमेरिकी सेना वर्तमान में सात THAAD बैटरियों का संचालन करती है, जिनमें से एक थाड सिस्टम अब इजराइल को सौंपा जाएगा।
THAAD सिस्टम की तैनाती इस बात का संकेत है, कि इजराइल-ईरान संघर्ष में अमेरिका की प्रत्यक्ष भागीदारी बढ़ सकती है, और अमेरिका, इस युद्ध में डायरेक्ट शामिल हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications