‘भारत में तो बिजली भी खूब कटती है...’, एलन मस्क के आने से पहले ही चीनी मीडिया ने शुरू किया प्रलाप
टेस्ला के सीईओ एलन मस्क प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने आ रहे हैं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया कि वह भारत में पीएम मोदी से मिलने के लिए उत्सुक हैं। एलन मस्क अपनी भारत यात्रा के दौरान देश में 2 दिन का समय बिताएंगे।
एलन मस्क अपनी इस यात्रा के दौरान टेस्ला मैन्युफैक्चरिंग प्लांट समेत अन्य कई बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं, जिसमें भारत में स्टारलिंक सर्विसेज शुरू करने का प्लान भी शामिल है। मस्क के भारत आने के ऐलान के बाद चीनी सरकार का मुख्पत्र माना जाने वाला ग्लोबल टाइम्स तिलमिला गया है। चीनी अखबार ने तंज भी कसा है।

चीनी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने लिखा है कि यदि टेस्ला भारत में निवेश करता है तो ये वहां के लिए अच्छी खबर होगी। इससे भारत में ईवी उत्पादन को बढ़ावा देने में काफी मदद मिलेगी इसके साथ ही अखबार ने ये भी लिखा है कि टेस्ला को भारत में फैक्ट्री लगाने के फैसले से चिंतित होना चाहिए।
'भारत में टेस्ला की सफलता अनिश्चित'
ग्लोबल टाइम्स ने लिखा है कि भारत का ईवी उद्योग अभी भी शुरुआती चरण में है। हालांकि भारत का ईवी बाजार बढ़ रहा है, लेकिन इसका आकार बहुत ही छोटा है। 2023 में भारत में बेचे गए कुल यात्री वाहनों में ईवी की हिस्सेदारी सिर्फ 2.3 प्रतिशत थी। जहां तक टेस्ला की बात है वह उच्च और उच्चमध्यम वर्ग के ग्राहकों के बाजारों पर अपना ध्यान केंद्रित करता है। ऐसे में कोई नहीं जानता कि उसे भारत में सफलता मिलेगी भी या नहीं।
'भारत में बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर नहीं'
अखबार ने आगे लिखा है कि भारत में सप्लाई चेन और इन्फ्रास्ट्रक्चर की दिक्कत है। इसके अलावा भारत में कुशल इंजीनियरों और वर्कर्स की कमी है। अखबार ने ये भी लिखा है कि भारत के कई इलाकों में बिजली की समस्या रहती है और उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली कटौती का सामना करना पड़ता है।
'भारत में निगेटिव बिजनेस माहौल'
इसके अलावा ग्लोबल टाइम्स ने ये भी लिखा है कि भारत में निगेटिव बिजनेस माहौल है। चीनी अखबार ने ये भी लिखा है कि भारत की आपूर्ति श्रृंखला ईवी उद्योग के लिए एक और बड़ी चुनौती है। सबसे बड़े मुद्दों में से एक ईवी के लिए लिथियम-आयन बैटरी जैसे मुख्य घटकों का सीमित घरेलू उत्पादन है।
मस्क की यात्रा से घबराया ड्रैगन
जाहिर है कि एलन मस्क की भारत यात्रा से चीन घबरा गया है। यही वजह है कि चीनी मीडिया भारत के खिलाफ दुष्प्रचार करने में लग गया है। आपको बता दें कि एलन मस्क ने चीन में काफी निवेश किया हुआ है। चीन निर्मित टेस्ला कारों का दुनियाभर में निर्यात होता है। भारत का मध्य वर्ग संपन्न हो रहा है तो एलन मस्क को यहां एक बड़ा बाजार दिखाई दे रहा है। लेकिन इससे चीन को अपनी बादशाहत खोने का डर सताने लगा है।












Click it and Unblock the Notifications