ISIS बन रहा है और शक्तिशाली, अलकायदा छोड़ आतंकी हो रहे हैं इसमें शामिल

गौरतलब है कि कभी खौफ का पर्याय रहे आतंकी संगठन अल कायदा के आतंकियों का यूं आईएसआईएस में शामिल होना खतरनाक साबित हो सकता है। साथ ही अल कायदा से अलग हुए कई छोटे छोटे आतंकी समूह भी आईएसआईएस में समाहित होते जा रहे हैं। वाशिंगटन पोस्ट की इस रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर सुन्नियों के इस इस्लामिक समूह की जीत जारी रहती है तो यह समस्या शायद और भी गंभीर हो जाएगी। अन्य आतंकी समूहों का आईएसआईएस में शामिल होना इसे और भी शक्तिशाली बनाएगा।
रिपोर्ट में बताया गया है कि हाल के महीनों में इन गतिविधियों में बढ़ोतरी हुई है। जिसमें लीबिया और अन्यत्र के लड़ाके भी शामिल हो रहे हैं, जो औपचारिक तौर पर अल कायदा का हिस्सा नहीं हैं। पिछले महीने पाकिस्तान स्थित तहरीक-ए-खिलाफत दक्षिण एशिया का पहला जेहादी संगठन बना, जिसने अल कायदा से अपना नाता तोड़ा और इस्लामिक स्टेट के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
विश्व के लिए खतरा
इस तरह आतंकियों का आईएसआईएस में शामिल होना सिर्फ इराक ही नहीं, बल्कि विश्व के अन्य देशों के लिए खतरे की बात है। आर्थिक रूप से सबसे मजबूत आतंकी संगठन अब और शक्तिशाली हो सकता है।
हालांकि, अमेरिका के द्वारा किए जा रहे हवाई हमलों में आईएसआईएस के कई हथियारों को नष्ट कर दिया है। वहीं, न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए इंटरव्यू में अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा कि, 'अमेरिका आईएसआईएस को सीरिया और इराक के जरीए खिलाफत बनाने की छूट नहीं देने वाले।' आईएस ने इराक और सीरिया के कई बड़े हिस्सों पर कब्जा कर लिया है, लेकिन अमेरिका अब उसे अपने हवाई हमलों का निशाना बना रहा है।












Click it and Unblock the Notifications