ईरान की अमेरिका को धमकी, 'सुलेमानी की मौत का बदला लेंगे लेकिन उसके लिए किसी महिला एंबेसडर... '
तेहरान। ईरान के रिवाल्यूशनरी गार्ड ( Revolutionary Guards) के प्रमुख ने शनिवार को अमेरिका को खुली धमकी देते हुए कहा कि वे अपने टॉप कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला जरूर लेंगे। इसके लिए जिम्मेदार लोगों को सजा दी जाएगी। ईरान की मशहूर कुद्स फोर्स के प्रमुख सुलेमानी इसी साल जनवरी में बगदाद एयरपोर्ट के पास एक अमेरिकी हवाई हमले में मारे गए थे।

हाल ही में अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट में बिना नाम के सोर्स के हवाले से दावा किया गया था कि तेहरान सुलेमानी की मौत का बदला लेने के लिए नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के पहले दक्षिण अफ्रीका में अमेरिका की राजदूत लाना मार्क्स को निशाना बना सकता है।
इसे लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान (Tehran) को चेतावनी दी थी कि अगर ऐसा होता है तो अमेरिका हजार गुना अधिक कड़ी प्रतिक्रिया देगा। वहीं दक्षिण अफ्रीका की सरकारी सुरक्षा एजेंसी ने शुक्रवार को मार्क्स के खिलाफ ऐसे किसी भी प्रकार के हमले के खतरे के इनपुट से इनकार किया है।
रिवॉल्यूशनरी गार्ड के प्रमुख ने दिया जवाब
ट्रंप की चेतावनी का ईरान की रिवाल्यूशनरी गार्ड के प्रमुख मेजर जनरल हुसैन सलामी ने जवाब दिया। सलामी ने कहा कि हमारे महान कमांडर की शहादत का बदला निश्चित, गंभीर और वास्तविक होगा। लेकिन हमारा ये सम्मानित तरीके से इसे अंजाम देंगे और यह साफ और न्यायपूर्ण होगा।
उन्होंने आगे कहा कि आप क्या सोचते हैं कि हम अपने शहीद भाई का बदला लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका में महिला राजदूत पर हमला करेंगे ? हम उन्हें निशाना बनाएंगे जो इस महान शख्स की शहादत में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल हैं। आपको पता होना चाहिए कि जो भी इसमें शामिल होगा हम उसे निशाना बनाएंगे।
अमेरिकी स्ट्राइक में मारे गए थे सुलेमानी
बता दें कि ईरान की कुद्स फोर्स के प्रमुख कासिम सुलेमानी अमेरिकी एयर स्ट्राइक में मारे गए थे। हमले में उनके सहयोगी और कतइब हिजबुल्ला कमांडर अबू महदी अल-मुहांदिस की भी मौत हो गई थी।
सुलेमानी की मौत के बाद ईरान ने इराक स्थित अमेरिकी ठिकानों पर कई मिसाइलें दागी थी लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने फिर किसी तरह की जवाबी कार्रवाई नहीं की थी।












Click it and Unblock the Notifications