अफगानिस्तान में TikToK और पबजी होगा बंद, मनोरंजन के आखिरी विकल्प पर भी तालिबान ने गिराई गाज
काबुल, 20 सितंबरः अफगानिस्तान में तालिबान अगले 3 महीनों के भीतर देश में वीडियो-शेयरिंग एप टिकटॉक और लोकप्रिय मोबाइल गेमिंग ऐप पबजी पर बैन लगाने की योजना बना रहा है। तालिबानी अधिकारियों का मानना है कि इन ऐप की वजह से युवा भटक रहे हैं। इससे पहले अप्रैल में कट्टरपंथी इस्लामी सरकार ने इन ये दोनों ऐप की पहुंच को रोकने के अपने इरादे की घोषणा की थी।

युवा पीढ़ी को गुमराह होने से रोकना जरूरी
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक तालिबान के प्रवक्ता इनामुल्ला समांगानी ने बताया था कि टिकटॉक और पबजी पर प्रतिबंध युवा पीढ़ी को गुमराह होने से रोकने के लिए बेहद जरूरी है। अब दूरसंचार विभाग की एक घोषणा का हवाला देते हुए मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि सुरक्षा क्षेत्र के प्रतिनिधियों, शरिया कानून प्रवर्तन प्रशासन के एक प्रतिनिधि के साथ बैठक के दौरान प्रतिबंध की घोषणा की गई।

90 दिन के भीतर होगा बैन
तालिबान सरकार के गृह मंत्रालय और संबंधित विभागों ने बैठक की, जिसमें ये फैसला लिया गया कि इन दोनों ऐप्स को बैन कर दिया जाए। क्योंकि ये हिंसात्मक हैं और लोगों को गुमराह कर रहे हैं। टिकटॉक और पबजी पर प्रतिबंध अगले 90 दिनों में लागू किया जाएगा। तालिबान सरकार ने टेलीकॉम और इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडरों को निर्धारित समय के भीतर दिशानिर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया है। अफगानिस्तान में इन दोनों एप पर बंद का ये ऐलान तालिबान में अनैतिक सामग्री दिखाने के लिए 23 मिलियन से अधिक वेबसाइटों को अवरुद्ध करने के बाद आया है।

23.4 मिलियन वेबसाइट हुए बैन
अफगानिस्तान में वेबसाइटों के अलावा, तालिबान द्वारा संगीत, फिल्मों और टेलीविजन धारावाहिकों सहित मनोरंजन के कई अन्य रूपों पर भी प्रतिबंध लगाया जा चुका है। टोलोन्यूज ने कार्यवाहक मंत्री नजीबुल्लाह हक्कानी के हवाले से एक सम्मेलन में कहा, "हमने 23.4 मिलियन बेवसाइटों को ब्लॉक कर दिया है। वे हर बार अपने पेज बदल रहे हैं। इसलिए जब आप एक वेबसाइट को बंद करते हैं तो दूसरी सक्रिय हो जा रही है।" इसी सम्मेलन में बोलते हुए अंतरिम सरकार में उप संचार मंत्री अहमद मसूद लतीफ राय ने भी सामग्री मॉडरेशन पर तालिबान अधिकारियों के साथ सहयोग करने की अनिच्छा के लिए फेसबुक की आलोचना की।

कई देशों में बैन है टिकटॉक
बता दें कि टिकटॉप और पबजी पर कई देश प्रतिबंध लगा चुके हैं। भारत के अलावा इंडोनेशिया, बांग्लादेश, रूस ने भी इन एप्स को बैन कर रखा है। इन कंपनियां पर यूजर्स की जानकारी चीन को शेयर करने का आरोप है। पाकिस्तान में भी टिकटॉक पर अक्टूबर 2020 में प्रतिबंध लगाया गया था। हालांकि, कंपनी द्वारा अश्लीलता फैलाने वाले खातों को ब्लॉक करने का आश्वासन देने के 10 दिन बाद यह प्रतिबंध हटा दिया गया था। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, उज्बेकिस्तान सहित अन्य कई देशों में इस पर बैन लगाने की मांग समय-समय पर की जाती रही है।












Click it and Unblock the Notifications