दहाड़ मारते 103 चीनी विमान घुसे ताइवान, खतरे में पड़े द्वीप देश की चेतावनी, मिलिट्री अत्याचार फौरन बंद करे चीन
Taiwan detects 103 Chinese warplanes: चीन ने एक बार फिर से शक्ति प्रदर्शन करते हुए ताइवान के क्षेत्र में सौ से ज्यादा फाइटर जेट्स भेजकर द्वीप देश को धमकाने की कोशिश की है। ताइवानी रक्षा मंत्रालय ने कहा है, कि उसने 103 चीनी फाइटर जेट्स को अपनी सीमा में डिटेक्ट किया है।
ताइवानी रक्षा मंत्रालय ने अपनी संप्रभुता पर जोर देते हुए चीने को 'सैन्य उत्पीड़न' रोकने की चेतावनी दी है। आपको बता दें, कि ये कोई पहली बार नहीं है, जब चीन ने ताइवान की सीमा में फाइटर जेट भेजे हों, इससे पहले भी चीन दर्जनों बार ताइवान की सीमा में अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन कर चुका है, लेकिन इस बार चीन ने अपने सभी पुराने रिकॉर्ड्स तोड़ दिए हैं।

जिसको लेकर ताइवानी रक्षा मंत्रालय ने कहा है, कि रविवार से उसने समुद्र के ऊपर लड़ाकू जेट सहित 103 चीनी सैन्य विमान देखे हैं। ताइवान ने यह भी कहा है, कि उसने चीन के 9 नौसेना जहाजों का भी पता लगाया है।
ताइवान के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन
ताइवान ने जो मानचित्र दिखाया है, उससे पता चलता है, कि पिछले 24 घंटों में चीनी गतिविधियों में भारी इजाफा हुआ है और उसने 40 विमानों को ताइवान जलडमरूमध्य की मध्य रेखा को पार करते हुए दिखाया है। ताइवान स्ट्रेट (जलडमरूमध्य) जो दोनों पक्षों के बीच एक अनौपचारिक बाधा के रूप में काम करता था, उसे एक साल पहले तक चीन नहीं पार करता था, लेकिन अब नियमित रूप से चीन इसका उल्लंघन करना शुरू कर दिया है।
वहीं, अन्य चीनी विमानों ने बाशी चैनल के माध्यम से ताइवान के दक्षिणी हिस्से की तरफ उड़ान भरी, जो ताइवान द्वीप को फिलीपींस से अलग करता है।
बीजिंग दावा करता है, कि लोकतांत्रिक रूप से शासित ताइवान उसका अपना क्षेत्र है और उसने अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए बल प्रयोग से इनकार नहीं किया है।
जबकिस ताइवानी मंत्रालय ने एक बयान में कहा है,कि पिछले दिनों चीन की गतिविधियों ने जलडमरूमध्य और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए "गंभीर चुनौतियां" पैदा कीं हैं।
ताइवानी रक्षा मंत्रालय ने कहा है, कि ताइवान जलडमरूमध्य में शांति और स्थिरता क्षेत्र के सभी पक्षों की साझा जिम्मेदारियां हैं। मंत्रालय ने कहा, कि "कम्युनिस्ट सेना द्वारा लगातार सैन्य उत्पीड़न से आसानी से तनाव बढ़ सकता है और क्षेत्रीय सुरक्षा खराब हो सकती है।"
मंत्रालय ने चीन से "ऐसी विनाशकारी एकतरफा कार्रवाइयों को तुरंत रोकने" का आह्वान किया है।

संयुक्त राज्य अमेरिका के रक्षा विभाग में चीन, ताइवान और मंगोलिया के पूर्व वरिष्ठ निदेशक टोनी हू ने कहा, कि चूंकि चीनी गतिविधियां अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र में थीं, इसलिए वे अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अवैध नहीं थीं, लेकिन उनका इरादा ताइवान को डराने और अपनी शक्ति का प्रदर्शन करने का था।"
उन्होंने कहा, कि हालांकि बीजिंग ताइवान से प्रतिक्रिया की उम्मीद कर रहा होगा, लेकिन ऐसा होने की संभावना नहीं है।
"ताइवान अपने चेतावनी रडार पर नज़र रख रहा है और यह सुनिश्चित कर रहा है, कि वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली तैयार रहे ताकि वे [चीन] गलत मोड़ लें और किसी भी प्रकार का हमला शुरू करें, तो पर्याप्त जवाब दिया जा सके।
अलजजीरा के मुताबिक, हू ने कहा कि, "ताइवान हर बार आगे बढ़कर उनकी बराबरी नहीं कर सकता। वे समय-समय पर केवल यह कहने के लिए वहां जाते हैं, ' अरे, मैं यहां तुम्हें देख रहा हूं।'
वहीं, जापान के रक्षा मंत्रालय ने यह भी कहा है, कि उसकी नौसेना ने छह चीनी जहाजों का पता लगाया है - जिनमें फ्रिगेट, विध्वंसक, एक तेज लड़ाकू सहायता जहाज और शेडोंग शामिल हैं। चीनी नौसेना के जहाज, मियाकोजिमा द्वीप के लगभग 650 किमी (400 मील) दक्षिण में पानी के माध्यम से नौकायन कर रहे हैं, जो ताइवान के पूर्व में स्थित है।
इसने यह भी पुष्टि की कि जेट और हेलीकॉप्टरों को शेडोंग से उड़ान भरते और उतरते हुए पाया गया था।
एक क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी ने, जिन्होंने संवेदनशीलता के कारण अपना नाम बताने से इनकार कर दिया, उन्होंने रॉयटर्स समाचार एजेंसी को बताया, कि नौसेना का युद्धाभ्यास "वर्षों में सबसे बड़ा" था और इससे पूरे क्षेत्र में दबाव बढ़ गया था। (सभी तस्वीरें- फाइल)












Click it and Unblock the Notifications