जूडो प्रतियोगिता हारा बच्चा तो कोच ने सिर को 27 बार फर्श पर पटका, कोमा में गया 7 साल का मासूम
ताइवान में जूडो प्रतियोगिता हारने पर कोच ने बच्चे के सिर को 27 बार फर्श पर पटका। जिसके बाद बच्चा कोमा में चला गया है।
ताइपे, मई 07: ताइवान में 7 साल का एक बच्चा जूडो प्रतियोगिता क्या हार गया, उसके कोच ने उसे कोमा में भेज दिया। आरोप है कि जूडो प्रतियोगिता हारने के बाद बच्चे के सिर को उसके कोच ने 27 बार फर्श पर पटका, जिसकी वजह से बच्चा अब जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। बच्चे की स्थिति काफी गंभीर है। बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां 7 साल का बच्चा कोमा में चला गया।

सिर्फ दो हफ्ते की ट्रेनिंग
रिपोर्ट के मुताबिक वीवी नाम का 7 साल का बच्चा ताइवान का रहने वाला है और वो सुपर मारियो का फैन है। 7 साल का वीवी ट्रैक रेस प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर भी आ चुका है। लेकिन, पिछले महीने अप्रैल में उसने जूडो की ट्रेनिंग लेने की जिद घरवालों के सामने की और फिर उसे जूडो क्लास में ट्रेनिंग लेने के लिए भर्ती कराया गया। लेकिन, सिर्फ 2 हफ्ते की ट्रेनिंग के बाद ही उसके कोच ने उसे कोमा में पहुंचा दिया। वीवी का इलाज करने वाले डॉक्टरों का कहना है कि अगर वीवी बच भी जाता है तो भी आगे उसकी स्थिति काफी खराब रहेगी और वो जिंदगी भर जूडो नहीं खेल सकता है। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

ताइवान का सनकी कोच
रिपोर्ट के मुताबिक ताइवान के सनकी कोच ने वीवी के सिर को एक दो बार नहीं, 27 बार जमीन पर पटका है, जिसका वीडियो ताइवान में सोशल मीडिया वपर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में बच्चा चीखता नजर आ रहा है लेकिन उसका कोच उसपर रहम नहीं करता है। रिपोर्ट के मुताबिक वीवी लगातार कह रहा था कि उसके सिर में काफी दर्द हो रहा है, बावजूद उसके कोच ने सीनियर छात्रों से उसके सिर पर मुक्के मारने को कहा था। कोच की क्रूरता का वीडियो सार्वजनिक होने के बाद अब पूरे ताइवान में सनकी कोच को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की जा रही है वहीं ताइवान सरकार ने आरोपी कोच के खिलाफ जांच कमेटी बिठा दी है। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

वीडियो में क्या है ?
वीडियो में दिख रहा है कि वीवी नाम के बच्चे के सिर और शरीर पर उसके सीनियर छात्र लगातार मार रहे हैं और वो दर्द से कराह रहा है। वो लगातार चोट लगने की बात कह रहा है लेकिन उसका कोच लगातार उसे मारने के लिए कहता नजर आ रहा है। वहीं, काफी मार लगने के बाद 7 साल का बच्चा ठीक से खड़ा नहीं हो पा रहा था और वो बार बार लड़खड़ाता नजर आ रहा होता है। जिसके बाद खुद उसका कोच आता है और उसके सिर को फर्श पर पटकना शुरू कर देता है। वीडियो में दिख रहा है कि चोट लगने के बाद बच्चे को उल्टियां आनी शुरू हो जाती है फिर भी ट्रेनिंग के नाम पर उसका कोच उसे पीटता रहता है।

कोच के खिलाफ कार्रवाई की मांग
गंभीर स्थिति में 7 साल के बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों ने कहा है कि बच्चे के सिर में काफी गहरे जख्म हैं और उसके बचने की संभावना काफी कम है। 7 साल के वीवी को फिलहाल वेंटिलेटर पर रखा गया है और डॉक्टर उसकी जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं। अब ताइवान में कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या कल्चर के नाम पर बच्चों के साथ ऐसा व्यवहार सही है? वहीं, आरोपी कोच को हिरासत में ले लिया गया है। सबसे आश्चर्य की बात ये है कि जब वीवी को कोच टॉर्चर कर रहा था उस वक्त उसके चाचा भी मौके पर ही मौजूद थे लेकिन उन्होंने भी कोच को रोकने की कोशिश नहीं की। वहीं, 7 साल के बच्चे वीवी की मां ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आरोपी कोच के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications