'शिया है, इसीलिए मैच हराया', पाकिस्तान में हसन अली के खिलाफ फूटा गुस्सा तो भारत ने कहा, हम साथ हैं
ऑस्ट्रेलिया से टी20 विश्व कप में हारने के बाद क्रिकेटर हसन अली को शिया मुस्लिम होने के नाते निशाना बनाया जा रहा है।
इस्लामाबाद, नवंबर 12: टी-20 क्रिकेट विश्वकप सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों से हारने के बाद पाकिस्तान में मातम फैला हुआ है और पाकिस्तान की अवाम इस हार को पचा नहीं पा रही है। हालांकि, भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट प्रेमियों के लिए देश की हार को बर्दाश्त करना, खासकर विश्वकप सेमीफाइनल में आसान भी नहीं होता है, लेकिन पाकिस्तान में क्रिकेटर हसन अली को जमकर गालियां दी जा रही हैं और उन्हें शिया मुसलमान होने के नाते निशाना बनाया जा रहा है।

हसन अली पर फूटा गुस्सा
टी 20 विश्व कप 2021 के सेमीफाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हसन अली को पाकिस्तानी क्रिकेट प्रशंसकों द्वारा बेरहमी से ट्रोल किया जा रहा है और अपशब्दों के साथ गालियां दी जा रही है। पाकिस्तानी क्रिकेटर हसन अली ने 4 ओवर में 44 रन दिए थे, जिसमें ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने उनकी गेंदों पर 4 चौके और 1 छक्का लगाया था। 11 रन प्रति ओवर के इकॉनमी रेट के बावजूद वह कोई विकेट लेने में नाकाम रहे। लेकिन, जब उनसे ऑस्ट्रेलिया विस्फोटक बल्लेबाज मैथ्यू वेड का कैच छूट गया, तो फिर पाकिस्तान में उनके खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। दूसरी तरफ पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने भी हसन अली को जमकर फटकार लगाई, हालांकि, बाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बाबर आजम ने हसन अली का बचाव किया और कहा कि, क्रिकेट में कैच किसी भी खिलाड़ी से छूट सकता है, लेकिन पाकिस्तान में लोग उन्हें टीम से बाहर निकालने की मांग कर रहे हैं।

कैच छोड़ना बना टर्निंग प्वाइंट
क्रिकेट में बहुत पुरानी कहावत है, कैच छूटा तो मैच छूटा और अकसर ये बात क्रिकेट के मैदान पर साबित भी होती रही है। एक वक्त पाकिस्तानी टीम काफी मजबूत स्थिति में नजर आ रही थी और 19लें ओवर में मैथ्यू वेड का एक आसान सा कैच हसन अली से छूट गया। हालांकि, क्रिकेट में सैकड़ों कैच इससे भी आसान छूटे हैं, लेकिन पाकिस्तान के लोग इस कैच छूटने को पाकिस्ताम की हार का वजह बताकर हसन अली को गोली तक मारने की बात कर रहे हैं। हसन अली से कैच छूटने के बाद मैथ्यू वेड ने लगातार तीन छक्के मारकर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिला दी। जिसके बाद पाकिस्तानी क्रिकेट फैंस ने मर्यादा की सारी हदें तोड़ते हुए उन्हें जमकर गालियां देनी शुरू कर दी।

'शिया' होने पर कहा गद्दार!
मैच हारने के बाद पाकिस्तानी क्रिकेट प्रशंसकों ने मैच हारने के पीछे उनके संप्रदाय 'शिया' होने को लेकर निशाना बनाना शुरू कर दिया। कई पाकिस्तानी क्रिकेट फैंस ने हसन अली को गाली देते हुए लिखा है कि, 'हसन अली शिया मुसलमान है और उसने जान-बूझकर मैथ्यू वेड का कैच छोड़ा'। एक पाकिस्तानी इंस्टाग्राम यूजर ने लिखा है कि, 'हसन अली, तुमने कैच छोड़ने के लिए कितना पैसा लिया है?' वहीं, एक और इंस्टाग्राम यूजर ने हसन अली के परिवार को जमकर गालियां दी हैं।

निशाने पर हसन अली की पत्नी
मैच हारने के बाद पाकिस्तान में हसन अली की पत्नी को निशाना बनाया जाने लगा और लोगों ने उनकी पत्नी को गालियां देनी शुरू कर दी। आपको बता दें कि, क्रिकेटर हसन अली की पत्नी भारतीय हैं और उनका नाम सामिया आरजू है। एक ट्विटर उपयोगकर्ता @mohammadfayaz ने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी तेज गेंदबाज ने अपनी पत्नी को खुश करने के लिए मैच हरवा दिया। ट्वीटर यूजर ने लिखा है कि, ''उन्हें अपनी मां और बहन को भी एक रात के लिए भारत भेज देना चाहिए था और वो जानबूझकर मैच हार गया है।"

शिया होने पर निशाना क्यों?
वैसे तो पाकिस्तान के अंदर किसी भी दूसरे मजहब के लोगों की इज्जत नहीं होती है और अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा के लिए पाकिस्तान पहले से ही बदनाम रहा है, लेकिन पाकिस्तान के अंदर शिया मुसलमानों से भी खतरनाक स्तर पर नफरत किया जाता है। पाकिस्तान एक सुन्नी बहुल देश है, और पाकिस्तान के अंदर किसी भी मुसीबत के लिए पाकिस्तान की बहुसंख्यक सुन्नी आबादी शिया मुसलमानों को जिम्मेदार ठहराती है और इसबार भी ऐसा ही हो रहा है। ऑस्ट्रेलिया के हाथों पाकिस्तान को मिली अपमानजनक हार के बाद हसन अली के शिया होने के कारण बुरी तरह से निशाना बनाया जा रहा है। एक ट्वीटर यूजर ने लिखा है कि, 'एक शिया ने पाकिस्तान को हरा दिया।'

हसन अली को भारत का साथ
एक तरफ जहां पाकिस्तान में हसन अली को बुरी तरह से ट्रोल किया जा रहा है और उनके शिया होने को लेकर उनका निशाना बनाया जा रहा है, तो दूसरी तरफ भारत हसन अली के साथ खड़ा है। भारत के क्रिकेट प्रेमी हसन अली का बचाव कर रहे हैं और पाकिस्तान के क्रिकेट प्रेमियों से अपील कर रहे हैं कि 'किसी खिलाड़ी को उनकी जाति के लिए निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए'। भारत के क्रिकेट प्रेमियों ने हसन अली के साथ एकजुटता दिखाई है और ट्विटर पर #INDwithHasanAli के साथ लोग ट्वीट कर रहे हैं। भारत के क्रिकेट प्रेमी पाकिस्तान के लोगों से धैर्य का परिचय देने के लिए कह रहे हैं। भारत की वरिष्ठ पत्रकार रूबिका लियाकत ने भी एक ट्वीट में हसन अली का बचाव किया है और शिया होने के नाते उन्हें जो निशाना बनाया जा रहा है, उसकी निंदा की है।

परिवार को दी गई सुरक्षा
पाकिस्तान में हसन अली के परिवार को धमकियां मिल रही हैं, जिसके बाद हसन अली के पूरे परिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। वहीं, पाकिस्तान के कई पूर्व क्रिकेटर हसन अली के बचाव में आ गये हैं। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वकार युनूस ने कहा है कि, 'खिलाड़ियों से कैच छूटना खेल का एक हिस्सा है'। वहीं, भारत के एक ट्वीटर यूजर ने लिखा है कि, 'हसन अली को शिया होने के नाते निशाना बनाया जा रहा है, जबकि शाहीन शाह अफरीदी के तीन गेंदों पर तीन छक्के लगे, फिर भी उन्हें कोई कुछ नहीं कह रहा है।'












Click it and Unblock the Notifications