Syria War: विद्रोहियों के साथ पहले राउंड की लड़ाई में सीरियाई सेना हारी? अलेप्पो शहर से पीछे हटी असद की आर्मी
Syria War: सीरिया की सेना ने उत्तर-पश्चिमी शहर अलेप्पो में "अस्थायी रूप से सेना की वापसी" की घोषणा की है, जहां विद्रोही समूहों ने वर्षों में पहली बार सरकार के कब्जे वाले ठिकानों पर आश्चर्यजनक हमला किया था।
सीरियाई सेना ने शनिवार को कहा है, कि पिछले कुछ दिनों में अलेप्पो और इदलिब के गवर्नरेट में "सशस्त्र आतंकवादी संगठनों" के साथ भीषण लड़ाई में उसके दर्जनों सैनिक मारे गए या घायल हो गए और अब वह अपनी रक्षा लाइनों को मजबूत करने के लिए सैनिकों को फिर से संगठित कर रहा है, और "जवाबी हमले" की तैयारी कर रहा है।

सीरियाई सेना ने कहा है, कि विद्रोही समूहों ने "अलेप्पो और इदलिब मोर्चों पर कई दिशाओं से बड़ा हमला किया है", जिसमें "100 किमी से ज्यादा की पट्टी में" भारी लड़ाई लड़ी गई है, जिसमें सीरियाई सेना के कई जवान मारे गये हैं।
पहले राउंड में हारी सीरिया की सेना?
सेना ने कहा है, कि विद्रोही अलेप्पो के बड़े हिस्से में घुस गए थे, लेकिन सेना की बमबारी ने उन्हें और आगे बढ़ने से रोक दिया है। सेना ने विद्रोहियों को "खदेड़ने और पूरे शहर और उसके ग्रामीण इलाकों पर राज्य का नियंत्रण बहाल करने" का वादा किया है।
सीरिया की सेना की तरफ से जारी ये बयान दिखाता है, कि विद्रोहियों ने अलेप्पो शहर पर महत्वपूर्ण कंट्रोल हासिल कर लिया है और हयात तहरीर अल-शाम (HTS) समूह के नेतृत्व में विपक्षी लड़ाकों के अभी और आगे बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, रूस ने विद्रोहियों को पीछे धकेलने के लिए उनके ठिकानों पर भारी बमबारी की है, लेकिन अभी ये पता नहीं चल पाया है, कि रूसी हमलों में उन्हें कितना नुकसान हुआ है।
अल जजीरा के रेसुल सर्दार ने अपनी रिपोर्ट में कहा है, कि अलेप्पो शहर के मध्य और उत्तर-पश्चिमी हिस्से अब पूरी तरह से एचटीएस के नेतृत्व वाले लड़ाकों के नियंत्रण में हैं, और विद्रोहियों ने उत्तर-पश्चिमी शहर हमा की ओर बढ़ने का भी दावा किया है।
उन्होंने कहा, "यह अविश्वसनीय है, ऐसा सिर्फ चारों दिनों में हुआ है।"

आठ साल पहले रूस और ईरान के समर्थन से सीरिया की सेना ने विद्रोहियों को खदेड़ दिया था, जिसके बाद से अलेप्पो शहर पूरी तरह से सीरियाई सरकार के नियंत्रण में था। शुक्रवार को सीरिया के सरकारी टेलीविजन ने कहा, कि रूस, सीरिया की सेना को हवाई सहायता प्रदान कर रहा है।
सीरिया के विपक्षी कब्जे वाले इलाकों में काम करने वाली बचाव सेवा सीरियन सिविल डिफेंस ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा है, कि सीरियाई सरकार और रूसी विमानों ने विद्रोहियों के कब्जे वाले इदलिब में आवासीय इलाकों, एक पेट्रोल स्टेशन और एक स्कूल पर हवाई हमले किए हैं, जिसमें चार नागरिक मारे गए और छह अन्य घायल हो गए हैं।
रॉयटर्स समाचार एजेंसी ने तीन सैन्य सूत्रों के हवाले से कहा है, कि सीरियाई अधिकारियों ने शनिवार को अलेप्पो हवाई अड्डे को बंद कर दिया और सभी उड़ानें रद्द कर दीं हैं। विद्रोहियों ने कहा, कि उन्होंने इदलिब प्रांत में अबू अल-दुहुर एयरबेस पर भी कब्जा कर लिया है और अलेप्पो को राजधानी दमिश्क से जोड़ने वाले एक प्रमुख राजमार्ग पर नियंत्रण कर लिया है।
शनिवार को, अलेप्पो में एक चश्मदीद ने अल जजीरा की रिपोर्ट में कहा है, कि विद्रोही लड़ाके सैनिकों की तलाश में अलेप्पो में "तलाशी" ले रहे थे।
चश्मदीद ने कहा है, कि "कल रात उन्होंने कई सैनिकों को युद्धबंदी बना लिया है, लेकिन उन्होंने उनकी बहुत अच्छी देखभाल की और उन्हें तुरंत बाहर निकाल दिया, ताकि वे किसी भी खतरे में न हों।"
एचटीएस के नेतृत्व वाले लड़ाकों की अग्रिम कार्रवाई ने कुछ लंबे समय से विस्थापित नागरिकों के लिए अपने घरों में लौटने का रास्ता खोल दिया है।
विद्रोही हमला 2020 के बाद से उत्तर-पश्चिमी सीरिया में देखी गई सबसे तीव्र लड़ाई है, जब रूस और तुर्किये ने संघर्ष को कम करने के लिए एक समझौते पर सहमति व्यक्त की थी, और जब सरकारी बलों ने पहले विपक्षी लड़ाकों के नियंत्रण वाले क्षेत्रों पर कब्जा कर लिया था। तुर्किये ने विपक्षी ताकतों को समर्थन किया है, और उत्तर-पश्चिमी सीरिया के कुछ हिस्सों में सैन्य उपस्थिति स्थापित की है।
सीरिया में गृहयुद्ध की वापसी!
इस बीच, संयुक्त राज्य अमेरिका ने सीरियाई कुर्द बलों का समर्थन किया है, जो देश के पूर्वी हिस्से में मुख्य रूप से ISIL [ISIS] लड़ाकों से लड़ रहे हैं।
अल जजीरा के सर्दार ने कहा है, कि राष्ट्रपति बशर अल-असद की सीरियाई सरकार विद्रोहियों के इस तेज अभियान से हैरान है, उन्होंने सीरियाई सरकार के सहयोगियों हिज्बुल्लाह और ईरान को गाजा और लेबनान में संघर्षों से विचलित होने के लिए उनकी तेजी से आगे बढ़ने का श्रेय दिया है। सर्दार ने पूछा, "अब सवाल यह है कि क्या शासन या रूस या ईरान एचटीएस को सीरिया के दूसरे सबसे बड़े शहर पर पूरा नियंत्रण करने देंगे या वे जवाबी हमला करेंगे?"
HTS, उत्तरपश्चिमी सीरिया में सबसे मजबूत विपक्षी समूह बन गया है, जो तुर्की सीमा के पास इदलिब प्रांत के ज्यादातर हिस्से को नियंत्रित करता है।
इसे सीरिया, अमेरिका और रूस द्वारा एक "आतंकवादी" संगठन माना जाता है।
पहले अल-कायदा की सीरियाई शाखा अल-नुसरा फ्रंट के रूप में जाना जाता था, लेकिन एचटीएस ने बाद में कई बार अपना नाम बदला और खुद को अल-कायदा से अलग करने की कोशिश की है। लिहाजा, माना जा रहा है, कि सीरिया में एक बार फिर से गृहयुद्ध भड़क सकता है, लेकिन सवाल ये हैं, कि क्या राष्ट्रपति बशर अल असद, एक बार फिर से आम लोगों के खिलाफ क्रूर कार्रवाई का आदेश देंगे?












Click it and Unblock the Notifications