Syria: स्कूल फिर से खुले, दुश्मनी भूले नेता.. असद की सरकार के पतन के बाद सीरिया में अब क्या-क्या हो रहा है?
Syria News: सीरिया में राष्ट्रपति बशर अल-असद के पतन के एक हफ्ते से ज्यादा का वक्त बीत चुका है और इस्लामी समूह हयात तहरीर अल-शाम (HTS) और अन्य विद्रोहियों ने देश की सत्ता पर कंट्रोल कर लिया है। एक वक्त ऐसा लग रहा था, कि सीरिया एक बार फिर से अंतहीन गृहयुद्ध में फंस गया है, लेकिन अब देश के हालात कुछ बदले नजर आ रहे हैं।
सीरिया में एक अंतरिम सरकार का गठन किया गया है और हयात तहरीर अल-शाम ने दुश्मनी भुलाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया है। ऐसा माना जा रहा था, कि हयात तहरीर अल-शाम अपने विरोधियों के खिलाफ हिंसा करेगा, लेकिन उसने अभी तक ऐसा नहीं किया है।

लिहाजा, जानना जरूरी हो जाता है, कि सीरिया में असद सरकार के पतन के बाद क्या हो रहा है? देश के हालात कैसे बदल रहे हैं और नेताओं ने कैसे आपसी दुश्मनी भुलाना शुरू कर दिया है।
सीरिया पहुंचे यूनाइटेड नेशंस के दूत
सीरिया में संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत गेइर पेडरसन ने सीरिया में "बदला" लेने के बजाय "न्याय और जवाबदेही" का आह्वान किया है। दमिश्क पहुंचकर उन्होंने युद्ध से तबाह देश को "बढ़ी हुई, तत्काल" सहायता देने का भी आह्वान किया है।
दमिश्क पहुंचेगा फ्रांसीसी राजनयिक मिशन
कार्यवाहक विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने कहा है, कि असद के पतन के बाद संपर्क फिर से स्थापित करने के लिए एक फ्रांसीसी राजनयिक मिशन मंगलवार को दमिश्क की यात्रा करेगा। उन्होंने फ्रांस इंटर रेडियो को बताया है, कि चार सदस्यीय टीम "हमारी रियल एस्टेट प्रॉपर्टी पर हम फिर से कंट्रोल करेगी" और साथ ही नए अधिकारियों के साथ "प्रारंभिक संपर्क स्थापित करेगी"।
सहायता और अपने दूतावास को फिर से खोलने पर बातचीत के लिए कतर का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को अंतरिम सरकारी अधिकारियों से मिलने सीरिया जाने वाला था। अन्य अरब राज्यों के विपरीत, कतर ने 2011 में टूटने के बाद असद के साथ कभी भी राजनयिक संबंध बहाल नहीं किए।
सैन्य सहायता प्रदान करेगा तुर्की
तुर्की के रक्षा मंत्री यासर गुलर ने कहा है, कि अगर अनुरोध किया जाता है तो अंकारा, सीरिया की नई इस्लामवादी नेतृत्व वाली सरकार को सैन्य सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, कि नए नेतृत्व को "एक मौका" दिया जाना चाहिए और तुर्की "आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है।"
तुर्की ने सीरिया के गृहयुद्ध की शुरुआत में बंद होने के 12 साल बाद शनिवार को दमिश्क में अपना दूतावास फिर से खोल दिया है। अंकारा सीरिया के संघर्ष में एक प्रमुख खिलाड़ी रहा है, जिसने उत्तर-पश्चिम में सशस्त्र समूहों को फंड दिए हैं और HTS के साथ कामकाजी संबंध बनाए रखा है।

HTS के साथ संपर्क में अमेरिका
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने शनिवार को खुलासा किया, कि वाशिंगटन ने सीरिया के हयात तहरीर अल-शाम विद्रोहियों से संपर्क किया है, जबकि पहले इस समूह को "आतंकवादी" घोषित किया जा चुका है। जॉर्डन के अकाबा में सीरिया पर बातचीत के बाद ब्लिंकन ने संवाददाताओं से कहा, "हम एचटीएस और अन्य दलों के साथ संपर्क में हैं।" उन्होंने इस बारे में विस्तार से नहीं बताया, कि संपर्क कैसे हुआ, लेकिन जब उनसे पूछा गया, कि क्या संयुक्त राज्य अमेरिका ने सीधे संपर्क किया है, तो उन्होंने कहा, "सीधा संपर्क - हां।"
ब्लिंकन ने कहा, कि असद के शासन के दौरान सीरिया पर लगाए गए अमेरिकी प्रतिबंधों में ढील, अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए विद्रोहियों द्वारा स्थापित अंतरिम सरकार द्वारा "निरंतर कार्रवाई" पर निर्भर करेगी।
एक मकसद के लिए सहमत हुए बड़े खिलाड़ी
अकाबा में, ब्लिंकन के साथ वार्ता में भाग लेने वालों ने एक संयुक्त बयान जारी किया, जिसमें सीरिया के नेतृत्व में ट्रांजिशन के लिए "एक पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से गठित एक समावेशी, गैर-सांप्रदायिक और प्रतिनिधि सरकार बनाने" का आह्वान किया गया। इसमें "मानव अधिकारों के सम्मान", "आतंकवाद और उग्रवाद" से लड़ने के महत्व पर जोर दिया गया और मांग की गई कि "सभी पक्ष" सीरिया में शत्रुता समाप्त करें।
'सीरिया युद्ध के लिए बहुत थक चुका है'
वहीं, HTS नेता अबू मोहम्मद अल-जोलानी ने इस हफ्ते दक्षिणी सीरिया में इजराइल के आक्रमण की आलोचना की, लेकिन कहा, कि उनका देश नए संघर्ष के लिए बहुत थक चुका है। उन्होंने कहा, "इजराइलियों ने स्पष्ट रूप से सीरिया में विघटन रेखा को पार कर लिया है, जिससे क्षेत्र में एक नए अनुचित विस्तार का खतरा है।" आपको बता दें, कि इजराइली सैनिकों ने पिछले हफ्ते गोलान हाइट्स पर इजराइल और सीरियाई बलों को अलग करने वाले संयुक्त राष्ट्र द्वारा गश्त किए गए बफर जोन में प्रवेश किया, जिसे संयुक्त राष्ट्र ने 1974 के युद्धविराम समझौते का उल्लंघन बताया है।
गोलानी ने कहा, कि उल्लंघन के बावजूद, "वर्षों के युद्ध और संघर्ष के बाद सीरिया में सामान्य थकावट हमें नए संघर्षों में प्रवेश करने की अनुमति नहीं देती है।"
सीरिया में फिर से खुले स्कूल और यूनिवर्सिटी
रविवार को दमिश्क में कुछ बच्चे स्कूल वापस जाते देखे गये हैं, और असद को सत्ता से बेदखल करने के बाद पहली बार क्लास पहुंचे। एक स्कूल के कर्मचारी ने कहा, कि "30 प्रतिशत से ज्यादा छात्र" कक्षा में वापस नहीं आए हैं, लेकिन "ये संख्या धीरे-धीरे बढ़ेगी"। विश्वविद्यालय भी फिर से खुल गए हैं, लेकिन कर्मचारियों का कहना है, कि स्थिति के सामान्य होने में अभी कुछ और समय लग सकता है।












Click it and Unblock the Notifications