बैंकॉक के शॉपिंग मॉल में गोलीबारी में 3 लोगों की मौत, 14 वर्षीय संदिग्ध गिरफ्तार
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक लग्जरी शॉपिंग मॉल में गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध बंदूकधारी को गिरफ्तार कर लिया है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक सियाम पैरागो में हुई घटना में कम से कम 3 लोग मारे गए और 7 घायल हो गए हैं।
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक 14 वर्षीय एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में उसने हैंडगन का इस्तेमाल किया था।

सोशल मीडिया पर साझा किए गए कई असत्यापित वीडियो में बच्चों सहित लोग मॉल के दरवाजे से बाहर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि सुरक्षा गार्ड उन्हें बाहर निकाल रहे हैं।
एक वीडियो में लोगों को एक रेस्तरां के अंदर एक अंधेरे कमरे में छिपते हुए दिखाया गया, जबकि लाइव टेलीविज़न में मूसलाधार बारिश के बीच मॉल के बाहर यातायात की लंबी कतारें दिखाई गईं।
स्थानीय प्रसारक चैनल 3 ने बताया कि मॉल के बाथरूम से अंदर गोलियों की आवाज सुनी गई।
प्रधानमंत्री श्रेथा थाविसिन ने एक्स पर पोस्ट किया- "मुझे सियाम पैरागॉन में गोलीबारी की घटना की जानकारी है और मैंने पुलिस को जांच करने का आदेश दिया है। मैं सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर सबसे अधिक चिंतित हूं।"
आपको बता दें कि थाईलैंड में बंदूक हिंसा आम बात है। थाईलैंड में लाइसेंसधारी बंदूकों की संख्या अन्य देशों की तुलना में अधिक है। यही वजह है कि समय-समय पर इस तरह की ख़बरें यहां से आती रहती हैं।
बीते साल अक्टूबर महीने में ही एक पूर्व पुलिस अधिकारी ने एक चाइल्ड सेंटर में मास शूटिंग को अंजाम दिया था। इसमें कम से कम 34 लोगों की मौत हो गई थी। इसमें 24 बच्चे भी थे। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी शख्स ने अपने बच्चे और पत्नी को भी गोली मार दी थी।
इससे पहले साल 2020 भी मास शूटिंग की घटना हुई थी, जिसमें प्रॉपर्टी डीलिंग से नाराज एक सैनिक ने पूर्वी थाई शहर नाखोन रत्चासिमा में 29 लोगों को गोलियों की भूनकर हत्या कर दी थी इसमें 57 लोग घायल हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications