यूक्रेन के रेलवे स्टेशन पर स्ट्राइक, 35 की मौत, जेलेंस्की ने रूस को कहा- बेकाबू शैतान
नई दिल्ली, 8 अप्रैल: यूक्रेन पर रूसी हमला लगातार जारी है। यूक्रेनी सरकार ने शुक्रवार को दावा किया कि रूस ने पूर्वी हिस्से में स्थित एक रेलवे स्टेशन को निशाना बनाते हुए रॉकेट हमला किया, जिसमें कम से कम 35 लोगों की जान गई, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसके बाद रूसी सेना पर हमला बोलते हुए यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने उसे बेकाबू शैतान कह दिया। हालांकि बाद में रूस ने आधिकारिक बयान जारी कर इस आरोप को झूठा बताया।
Recommended Video

जेलेंस्की ने कहा कि हम लोग साहस के साथ युद्ध लड़ रहे हैं, लेकिन अब वो नागरिकों को निशाना बनाने लगे हैं। ये एक ऐसी बुराई है, जिसकी कोई सीमा नहीं है। अगर उसे (रूस को) दंडित नहीं किया गया तो वो रुकेगा नहीं। जेलेंस्की के मुताबिक क्रेमाटोर्स्क रेलवे स्टेशन पर कोई यूक्रेनी सैनिक मौजूद नहीं था। इसका इस्तेमाल रूस के नियंत्रण वाले क्षेत्रों से नागरिकों को निकालने के लिए किया जाता है। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर कई फोटोज शेयर की हैं, जिसमें ट्रेनों की खिड़कियां टूटी हुई नजर आ रहीं, जबकि आसपास कई शव पड़े हैं।
घटना के बाद यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने कसम खाई कि यूक्रेन के प्रत्येक युद्ध अपराधी को न्याय के कटघरे में खड़ किया जाएगा। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि क्रामाटोर्स्क में रेलवे स्टेशन इंतजार कर रहे नागरिकों से भरा था। फिर भी उन्होंने इसे टारगेट किया। बैलेस्टिक मिसाइल के हमले में कम से कम 35 की मौत हुई है, जबकि सैकड़ों घायल हैं। ये जानबूझकर की गई युद्ध हत्या है।
रूस ने दी सफाई
हमले के बाद रूस ने कहा कि जिन मिसाइलों ने स्टेशन पर हमला किया, उनका उपयोग केवल यूक्रेनी सेना द्वारा किया जाता है। हमारे सशस्त्र बलों के पास शुक्रवार को क्रामाटोर्स्क में कोई टारगेट नहीं था। ये आरोप पूरी तरह से झूठे हैं।











Click it and Unblock the Notifications