Sri Lanka में भी बुर्के पर लगेगा बैन, 1000 से अधिक इस्लामिक स्कूलों पर भी लगाएगा ताला
कोलंबो। बुर्का पर प्रतिबंध लगाने वाले देशों की लिस्ट में अब भारत के पड़ोसी श्रीलंका का नाम भी शामिल होने जा रहा है। श्रीलंका सरकार के मंत्री ने घोषणा की है कि देश में महिलाओं के बुर्का पहनने पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। इसके साथ ही देश में चल रहे एक हजार से अधिक इस्लामिक स्कूलों को भी बंद किया जाएगा। श्रीलंका ने इसके लिए राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला दिया है।

कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा गया बिल
श्रीलंका के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री सरथ वीरसेकरा ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में इस बारे में जानकारी दी है। वीरसेकरा ने कहा कि उन्होंने कैबिनेट की मंजूरी के लिए शुक्रवार को बुर्का प्रतिबंध लगाने वाले एक पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। मंत्री ने बताया यह प्रतिबंध राष्ट्रीय सुरक्षा को आधार बनाकर लगाया जा रहा है।
अगर कैबिनेट इस बिल पर हस्ताक्षर कर देती है तो श्रीलंका की सरकार संसद में इस पर कानून बना सकती है।
2019 में श्रीलंका में चर्चों पर निशाना बनाकर एक के बाद कई बम ब्लास्ट किए गए थे जिसमें 250 से अधिक लोग मारे गए थे। इसके बाद श्रीलंका की सरकार ने बुर्का पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया था। इस प्रतिबंध को लेकर भी सरकार ने सुरक्षा का हवाला दिया था जबकि प्रतिबंध के विरोधियों का कहना था कि इससे देश में मुस्लिम अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाया जाएगा।

इस्लामिक स्कूल भी होंगे बंद
वीरसेकरा ने कहा शुरुआती समय में "हमारे देश में मुस्लिम महिलाएं और लड़कियां कभी भी बुर्का नहीं पहनती थीं। हाल के दिनों में इसका चलन बढ़ा है। ये इस बात की तरफ इशारा करता है कि हाल में धार्मिक अतिवादिता आई है। निश्चित रूप से हम इस पर प्रतिबंध लगाएंगे।"
बुर्के पर प्रतिबंध के साथ ही वीरसेकरा ने देश में चल रहे एक हजार से इस्लामिक स्कूलों पर प्रतिबंध लगाने की बात भी कही है। उन्होंने कहा ये इस्लामिक स्कूल देश की राष्ट्रीय शिक्षा नीति की खुलेआम अवहेलना कर रहे हैं। उन्होंने तीखे अंदाज में कहा "कोई भी स्कूल नहीं खोल सकता है और बच्चों को आप जो चाहें वह नहीं पढ़ा सकते हैं।"

ये देश लगा चुके हैं प्रतिबंध
श्रीलंका पहला देश नहीं है जिसने बुर्का पर प्रतिबंध लगाया है। इसके पहले फ्रांस और यूरोप के कई देशों में इसे लागू किया जा चुका है। हाल ही में स्विटजरलैण्ड ने भी बुर्का पर प्रतिबंध लगाया है।
श्रीलंका सरकार के इस कदम को लेकर देश के मुस्लिम समाज से नकारात्मक प्रतिक्रिया आ सकती है। खासतौर पर जब मुसलमान बौद्ध बहुल इस देश में अपने ऊपर सख्त नियम लागू किए जाने का आरोप लगाते रहे हैं। कोविड-19 के समय में श्रीलंका सरकार ने मुस्लिम शवों को दफनाने की जगह जलाने का आदेश दिया था जिसे लेकर समुदाय में नाराजगी देखी गई थी। इसे मुसलमानों ने धार्मिक आजादी को दबाने के रूप में देखा था। अब बुर्का पर प्रतिबंध के नए नियम के बाद देखना है कि मुस्लिम समाज किस तरह प्रतिक्रिया देता है।












Click it and Unblock the Notifications