आर्थिक संकट के बीच श्रीलंका में आज नई कैबिनेट का होगा गठन, 17 मंत्री ले सकते हैं शपथ
कोलंबो, 18 अप्रैल। श्रीलंका में जिस तरह से आर्थिक तंगी का दौर चल रहा है उससे आम लोगों को मूलभूत आवश्यकताओं के लिए जूझना पड़ रहा है। लोग सड़क पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच आर्थिक और राजनीतिक संकट को देखते हुए राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे देस में नई कैबिनेट का गठन करने जा रहे हैं। रिपोर्ट की मानें तो इस नई सरकार में मंत्रीमंडल काफी छोटा हो सकता है ताकि सरकार के कामकाज को आसानी से किया जा सके। नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह आज हो सकता है। देश में सत्ताधारी दल के सांसद ने बताया कि आज नई कैबिनेट शपथ लेगी, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री अपने पद पर बने रहेंगे। कुछ नए और युवा चेहरों को कैबिनेट में जगह दी जा सकती है। रिपोर्ट के अनुसार नए मंत्रिमंडल में 17 मंत्रियों को जगह दी गई है।

सूत्रों ने बताया कि हाल ही में हुई बैठक में राष्ट्रपति ने गठबंधन दलों से कहा है कि वह सरकार को चलाने के लिए सीमित कैबिनेट का गठन करें। बता दें कि श्रीलंका में आर्थिक संकट के बीच पूरी कैबिनेट ने ही पिछले हफ्ते एक साथ इस्तीफा दे दिया था, जिस तरह से लोग सड़क पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे उसे देखते हुए पूरी कैबिनेट ने एक साथ इस्तीफा दिया था। श्रीलंका की विपक्षी पार्टी ने राष्ट्रपति के फैसले का विरोध किया है और कहा है कि नई कैबिनेट में अनुभवहीन लोगों को शामिल किया जा रहा है। राष्ट्रपति नई कैबिनेट का गठन लोगों के प्रदर्शन के दबाव में कर रहे हैं।
बता दें कि श्रीलंका की कैबिनेट 19 अप्रैल को नई कैबिनेट का गठन करेगी, जिसमे नए मंत्रियों को मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी, जबकि विपक्ष लगातार बढ़ते प्रदर्शन के बीच सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश करेगा। पिछले संसद के सत्र में सत्ताधारी दल के सांसद ने कहा था कि राष्ट्रपति इस्तीफा नहीं देंगे, वह अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। गौर करने वाली बात है कि श्रीलंका में विदेशी मुद्रा की भारी किल्लत है, जिसकी वजह से तेल और खाद्य पदार्थों की जरूरी आपूर्ति नहीं हो पा रही है। जरूरी साधनों की कमी के चलते श्रीलंका ने मित्र देशों से मदद मांगी थी। जिस तरह से श्रीलंका में आर्थिक हालात बिगड़े उसके बाद लोग सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर आए और प्रधानमंत्री महिंद्रा राजपक्षे और राष्ट्रपि गोटाबाया राजपक्षे के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। इससे पहले प्रधानमंत्री महिंद्रा राजपक्षे ने देश के नाम खास संबोधन में लोगों से अपील की थी कि वह धैर्य रखें और सड़क पर प्रदर्शन ना करें जिसकी वजर से सरकार को स्थिति का सामना करने में दिक्कत हो।












Click it and Unblock the Notifications