Sri Lanka Crisis: राजनीतिक उथल- पुथल के बीच सर्वदलीय सरकार के गठन की तैयारी! विपक्षी दलों ने की बैठक
नई दिल्ली, 10 जुलाई। आर्थिक संकट से जूझ रहे देश श्रीलंका में पिछले दो दिनों में चार मंत्रियों ने कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। श्रीलंका के सेना प्रमुख जनरल शैवेंद्र सिल्वा ने रविवार को देश के नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। राजनीतिक उथल- पुथल के बीच विपक्षी दल अब सर्वदलीय सरकार बनाने के लिए बैठक कर रहे हैं।

श्रीलंका की कम्युनिस्ट पार्टी के उपाध्यक्ष वीरासुमना वीरसिंघे ने कहा कि सर्वदलीय सरकार को लेकर लंबी चर्चा होगी। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दोनों की अनुपस्थिति में अध्यक्ष कार्यवाहक राष्ट्रपति बन जाएगा। बाद में नए राष्ट्रपति का चुनाव करने के लिए सांसदों के बीच चुनाव होना चाहिए।
श्रीलंका में राष्ट्रपति भवन पर प्रदर्शनकारियों के कब्जे और दुर्व्यवहार के बाद राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे और प्रधान मंत्री विक्रमसिंघे ने इस्तीफा देने की पेशकश कर दी है। वहीं अब मुख्य विपक्षी दल राजनीतिक उथल-पुथल के बीच सर्वदलीय सरकार गठन की उम्मीद कर रहे हैं। इस पर आम सहमति के लिए रविवार को विभिन्न राजनीतिक दलों ने संयुक्त रुप से एक विशेष बैठक आयोजित की।
मुख्य विपक्ष दल एसजेबी और उसके घटक दलों की बैठक में विपक्ष के नेता साजिथ प्रेमदासा, श्रीलंका मुस्लिम कांग्रेस के नेता रऊफ हकीम, तमिल प्रगतिशील गठबंधन के नेता मनो गणेशन और ऑल सीलोन मक्कल कांग्रेस के नेता शामिल हुए। कुल 9 राजनीतिक दल इस बैठक में शामिल करने की योजना बनाई गई थी। वहीं प्रधान मंत्री विक्रमसिंघे ने शनिवार रात एक बयान में कहा था 'यह देश ईंधन और भोजन की कमी से जूझ रहा है। अगले सप्ताह डब्ल्यूएफपी द्वारा निर्धारित एक महत्वपूर्ण यात्रा होगी जबकि आईएमएफ के साथ महत्वपूर्ण वार्ता जारी रखनी होगी। इसलिए यदि वर्तमान सरकार को छोड़ना है तो उसे अगले द्वारा प्रतिस्थापित किया जाना चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications