अयोध्या में राम मंदिर के बाद अब श्रीलंका में माता सीता की प्राण प्रतिष्ठा, सरयू नदी के जल से होगा अभिषेक
Sri Lanka Consecration Ceremony of Seetha Amma temple: अयोध्या में भव्य राम मंदिर उद्घाटन के बाद अब श्रीलंका में माता सीता के भव्य मंदिर का उद्घाटन किया जाएगा और भारत ने माता सीता को समर्पित सीता अम्मा मंदिर के अभिषेक समारोह के लिए पवित्र सरयू नदी का जल श्रीलंका भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सीता अम्मा मंदिर का अभिषेक समारोह 19 मई को होगा। श्रीलंका के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश सरकार को एक चिट्ठी लिखी थी, जिसमें धार्मिक समारोहों के लिए सरयू नदी का पानी भेजने का अनुरोध किया था, ताकि मंदिर में माता सीता की मूर्ति का अभिषेक सरयू के जल से हो सके।

श्रीलंका में माता सीता की प्राण प्रतिष्ठा
जिसके बाद यूपी सरकार के निर्देश के तहत पर्यटन विभाग को पवित्र सरयू जल को श्रीलंका पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, राम मंदिर ट्रस्ट ने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा देने में इसके महत्व पर जोर देते हुए इस पहल की सराहना की है।
अयोध्या तीर्थ विकास परिषद के सीईओ संतोष कुमार शर्मा ने कहा, कि "श्रीलंका में सीता अम्मा मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। मंदिर के प्रतिनिधि ने यूपी सरकार से सरयू नदी का जल मांगा है और सरयू नदी से एक कलश पवित्र जल प्रदान श्रीलंका भेजा जाएगा। ये अनुष्ठान 19 मई को आयोजित किया जाएगा।"
सीता अम्मा मंदिर में समारोह का उद्देश्य दोनों देशों के दिलों को एकजुट करना है, जो भारत और श्रीलंका के बीच आध्यात्मिक और सांस्कृतिक बंधन का प्रतीक है।
इस बीच, महंत शशिकांत दास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, कि श्रीलंका में सीता अम्मा मंदिर सभी 'सनातनियों' के लिए गर्व का विषय होगा। शशिकांत दास ने कहा, "यह सभी सनातनियों के लिए गर्व की बात है। देवी सीता ने लंका में कई कठिनाइयों का सामना किया है और आज उसी लंका में एक भव्य मंदिर का निर्माण किया जा रहा है।"












Click it and Unblock the Notifications