दक्षिण कोरिया बन सकता है QUAD ग्रुप का पांचवा सदस्य, 6 बड़े कारणों से मिले संकेत, चीन के खिलाफ पांचवां व्यूह!
South Korea to Join QUAD: इंडो-पैसिफिक में चीन की आक्रामकता को काउंटर करने के लिए भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच बनाए गये QUAD ग्रुप में एक नये सदस्य की एंट्री हो सकती है और माना जा रहा है, कि बहुत जल्द दक्षिण कोरिया भी क्वाड का हिस्सा बन सकता है। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक येओल के साथ साथ दक्षिण कोरिया की एक बड़ी आबादी क्वाड के साथ जुड़ने के पक्ष में है, ताकि चीन के संभावित खतरे को खत्म किया जा सके।
जनमत सर्वेक्षणों के आधार पर, सियोल स्थित थिंक टैंक, आसन इंस्टीट्यूट फॉर पॉलिसी स्टडीज द्वारा हाल ही में जारी स्टडी में तर्क दिया गया है, आधे से ज्यादा दक्षिण कोरियाई नागरिग, क्वाड में शामिल होने का समर्थन करते हैं, जबकि एक तिहाई नागरिक ऐसे हैं, जो क्वाड में शामिल होने या नहीं होने को लेकर निश्चित नहीं हैं।
पीटर के ली और कांग चिंगकू ने इस स्टडी को किया है और उनके सर्वेक्षण से पता चला है, कि दक्षिण कोरियाई जनता क्वाड के प्रति काफी सकारात्मक रुख रखती है।

क्वाड के साथ दक्षिण कोरिया की जनता
इस सर्वेक्षण से दूसरी सबसे अहम बात ये पता चलती है, कि जो लोग क्वाड में दक्षिण कोरिया के शामिल होने को लेकर अनिश्चित हैं, उनमें से ज्यादातर लोगों के मन में भी क्वाड के प्रति कोई निगेटिव छवि नहीं है। दक्षिण कोरिया में क्वाड को लेकर 79.80 प्रतिशत लोगों के मन में पॉजिटिव इमेज है।
गौरतलब है, कि दक्षिण कोरिया में पिछला वामपंथी झुकाव वाला मून जे-इन प्रशासन, चीन को उकसाने की संवेदनशीलता के कारण क्वाड को लेकर उत्साहित नहीं था। इसके विपरीत, यूं सुक येओल प्रशासन ने अपनी इंडो-पैसिफिक रणनीति के हिस्से के रूप में क्वाड के साथ मिलकर काम करने और संभवतः इसमें शामिल होने का वादा किया है।
मई 2022 में पदभार संभालने के तुरंत बाद, राष्ट्रपति यून ने कहा था, कि दक्षिण कोरिया "यदि आमंत्रित किया गया तो" क्वाड में शामिल होने पर विचार करेगा।
वहीं, भारत में दक्षिण कोरियाई दूत चांग जे-बोक के मुताबिक, सियोल क्वाड समूह में शामिल होने का इच्छुक है, और क्वाड के विस्तार पर फैसला अब क्वाड देशों को लेना है। उन्होंने कहा, कि "क्वाड सदस्य, भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका... दक्षिण कोरिया के महत्वपूर्ण भागीदार हैं और किसी भी स्थिति में, हम उनके साथ मिलकर काम करेंगे।"
2007 में रखी गई थी क्वाड की नींव
क्वाड की नींव मूल रूप से साल 2007 में रखी गई थी, लेकिन 2017 में क्वाड को फिर से मजबूत करने का फैसला लिया गया, जिसका मकसद 'फ्री एंड ओपन इंडोपैसिफिक' का निर्माण करना था।
क्वाड देशों के विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच अब लगातार बैठकें होती रहती हैं और क्वाड देशों के राष्ट्राध्यक्ष भी लगातार मुलाकात करते रहते हैं। जनवरी 2021 में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन का प्रशासन शुरू होने के बाद से क्वाड के चार शिखर सम्मेलन हो चुके हैं।
क्वाड व्यापक और बढ़ते एजेंडे के साथ एक अधिक संस्थागत समूह बनता जा रहा है। क्वाड को लेकर पिछली जो धारणा थी, कि ये चीन को काउंटर करने का एक ग्रुप है, उसमें भी बदलाव आ रहा है और इस मंच ने खुद को इस संदर्भ में पेश किया है, जिसका मकसद इंडो-पैसिफिक को स्वतंत्र, समावेशी, स्वस्थ और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ा रखना है।
लिहाजा, क्वाड के एजेंडे में गैर-सैन्य मुद्दे जैसे टीकाकरण, जलवायु परिवर्तन, महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों और बुनियादी ढांचे को कवर करने के लिए विस्तारित किया गया है।

दक्षिण कोरिया को क्यों है दिलचस्पी?
दक्षिण अफ्रीकी थिंक टैंक की आसन रिपोर्ट, जिसे "मुद्दा संक्षिप्त" कहा जाता है, उसमें कहा गया है, कि पूर्व वामपंथी राष्ट्रपति मून जे-इन प्रशासन के दौरान इस बात पर महत्वपूर्ण बहस हुई थी, कि दक्षिण कोरिया को क्वाड में शामिल होना चाहिए या नहीं। मून और उनकी डेमोक्रेटिक पार्टी ने कहा है, कि दक्षिण कोरिया को कभी भी क्वाड में शामिल होने के लिए आमंत्रित नहीं किया गया था और इसलिए, दक्षिण कोरिया अभी तक इसमें शामिल नहीं हुआ है।
लेकिन, हकीकत ये थी, कि पूर्व वामपंथी राष्ट्रपति चीन को लेकर काफी संवेदशील थे और वो क्वाड को चीन के खिलाफ एक उपकरण के तौर पर देखते थे, इसीलिए उन्होंने क्वाड को लेकर कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई।
लेकिन, मौजूदा राष्ट्रपति युन सुक योल का प्रशासन क्वाड को दक्षिण कोरिया के लिए उपयुक्त मानता है और उसने क्वाड में शामिल होने को लेकर स्पष्ट संकेत दिए हैं। अप्रैल 2021 में, दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा था, कि दक्षिण कोरिया मुद्दों के आधार पर क्वाड देशों के साथ सहयोग करने को तैयार है।
पहला संकेत- चुनाव प्रचार के दौरान से ही मौजूदा राष्ट्रपति युन सुक योल ने कैम्पेन करना शुरू कर दिया था, कि दक्षिण कोरिया को क्वाड का हिस्सा बनना चाहिए और उन्होंने उस वक्त एक बड़ा संकेत दिया था, जब राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद उन्होंने अपने कार्यकाल के पहले आठ दिनों में, ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और संयुक्त राज्य अमेरिका के नेताओं को फोन किए, जिसे व्यापक रूप से क्वाड के साथ घनिष्ठ संबंध बनाने के उनके इरादे के संकेत के रूप में देखा गया।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर आमंत्रित किया गया तो वह क्वाड में शामिल होने की "सकारात्मक समीक्षा" करेंगे।

दूसरा संकेत- कोरियाई प्रायद्वीप पर सुरक्षा खतरे से निपटने और क्षेत्रीय सुरक्षा मुद्दों पर प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया देने के लिए दक्षिण कोरिया को क्वाड की संयुक्त एकजुटता का लाभ उठाना चाहिए। मौजूदा राष्ट्रपति के प्रशासन ने संकेत दिए हैं, कि क्वाड ने उत्तर कोरिया के पूर्ण परमाणु निरस्त्रीकरण के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की है। लिहाजा, क्वाड का ये कदम महत्वपूर्ण है।
गौरतलब है कि दक्षिण चीन सागर दक्षिण, दक्षिण कोरिया के लिए एक महत्वपूर्ण रणनीतिक क्षेत्र है, क्योंकि 30 प्रतिशत से 40 प्रतिशत कोरियाई निर्यात और 90 प्रतिशत कोरियाई ऊर्जा आयात इस महत्वपूर्ण समुद्री क्षेत्र से होकर गुजरता है।
तीसरा संकेत- दक्षिण कोरिया को सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रिक बैटरी के उत्पादन के अलावा भविष्य के लिए नए आर्थिक अवसरों का पता लगाना और उनका विस्तार करना चाहिए। यहां, क्वाड देश महान भागीदार हो सकते हैं क्योंकि चार क्वाड अर्थव्यवस्थाओं की संयुक्त जीडीपी 31 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है, जो वैश्विक जीडीपी का 35 प्रतिशत है।
चौथा संकेत- क्वाड के साथ नजदीकी या उसका हिस्सा होने से दक्षिण कोरिया का रणनीतिक दायरा बढ़ेगा और वह ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और संयुक्त राज्य अमेरिका के सहयोग से क्षेत्रीय चुनौतियों का जवाब देने में सक्षम होगा। अन्य अमेरिकी सहयोगियों और क्षेत्रीय साझेदारों के साथ नेटवर्किंग, उसके लक्ष्यों को पूरा करेगी और कोरियाई प्रायद्वीप से परे सियोल का ध्यान बढ़ाएगी। इस प्रकार, यह क्षेत्रीय और वैश्विक एजेंडे को सकारात्मक रूप से प्रभावित करने की दक्षिण कोरिया की क्षमता को बढ़ाएगा।
पांचवां संकेत- चूंकि क्वाड का एजेंडा, इंडो-पैसिफिक को प्रभावित करने वाले गैर-सैन्य मुद्दों की एक विस्तृत श्रृंखला पर ध्यान केंद्रित करने के लिए ट्रांसफर हो गया है, लिहाजा क्वाड से निकटता से दक्षिण कोरिया को आर्थिक सुरक्षा, उभरती प्रौद्योगिकियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक प्रभाव डालने के लिए नेटवर्क शक्ति हासिल करने में मदद मिलेगी।
छठा संकेत- दक्षिण कोरिया और क्वाड देशों के बीच कॉर्डिनेशन को मजबूत करने से भविष्य की आकस्मिकताओं पर तेजी से प्रतिक्रिया हो सकेगी और आर्थिक जबरदस्ती जैसे खतरों को रोका जा सकेगा। इन पांच देशों के बीच बेहतर संबंध आवश्यकताओं को पूरा करने और बढ़ती जटिल चुनौतियों का समाधान करने के लिए एक संसाधन हो सकते हैं। दक्षिण कोरिया को चीन लगातार आर्थिक धमकियां देता रहता है, जिससे वो आसानी से पार पा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications