सोमालिया में आतंकी संगठन के हमले में कई नेताओं की मौत, अल-शबाब ने 12 घंटे में टॉप लीडर की मौत का बदला लिया
सोमालिया के आतंकी संगठन अल-शबाब का शीर्ष नेता अब्दुल्लाही यारे के मारे जाने के बाद हिरन प्रांत में मुख्यालय को निशाना बनाकर दोहरा कार विस्फोट किया जिसमें कम से कम 9 लोगों के मारे गए हैं। इसमें कई नेताओं की भी मौत हो गई
मोगादिशु, 3 अक्टूबरः आतंकी संगठन अल-शबाब का शीर्ष नेता अब्दुल्लाही यारे एक संयुक्त एयर स्ट्राइक में मार गिराया गया है। इस बात की पुष्टि सोमालिया सरकार ने की है। शीर्ष कमांडर के मारे जाने से नाराज आतंकी संगठन अल शबाब ने सोमालिया के हिरन क्षेत्र में स्थानीय सरकार के मुख्यालय को निशाना बनाकर दोहरा कार विस्फोट किया जिसमें कम से कम 9 लोगों के मारे जाने की खबर है। इसमें कई नेताओं की भी मौत हो गई है।

अल शबाब ने ली जिम्मेदारी
सोमालिया के चरमपंथी संगठन अल शबाब ने देश की राजधानी के उत्तर में करीब 300 किलोमीटर दूर बेलेद्वेने में हुए इस हमले की जिम्मेदारी ली है। इस हमले में बाल-बाल बचे हिरन क्षेत्र के गवर्नर अली जायते ओस्मान ने बताया कि इस हमले में जिन लोगों की मौत हुई, उनमें हीरशाबेले प्रांत के स्वास्थ्य मंत्री और हिरन के उप गवर्नर (वित्त मामलों के प्रभारी) भी शामिल हैं। गवर्नर ने कहा कि पहला विस्फोट प्रवेश द्वार पर हुआ तथा कुछ ही मिनट बाद एक बड़ा ट्रक तेजी से मुख्यालय भवन की ओर आया और उसमें धमाका हो गया। इन धमाकों में कई लोग मारे गये जो काम के सिलसिले में कार्यालय आये थे।
एयर स्ट्राइक में मारा गया अब्दुल्लाही यारे
बतादें कि आतंकी संगठन ने यह हमला अपने नेता अब्दुल्लाही यारे को एयर स्ट्राइक में मार गिराये जाने के बाद किया है। इससे पहले सोमलिया के अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि सोमाली राष्ट्रीय सेना और अंतरराष्ट्रीय भागीदारी बलों ने एक संयुक्त अभियान में चरमपंथी संगठन अल-शबाब के शीर्ष नेता अब्दुल्लाही नादिर को मार गिराया गया। अमेरिका ने नादिर पर 3 मिलियन अमेरिकी डॉलर का इनाम घोषित किया था। सोमालिया सरकार ने नादिर को अल-शबाब का एक महत्वपूर्ण सदस्य करार दिया। जानकारी के मुताबिक सोमालिया सूचना मंत्रालय ने अपना बयान रविवार रात को ही लिख दिया था लेकिन इसे सोमवार को पोस्ट किया गया। सोमवार को जारी सरकारी बयान में कहा गया कि मध्य जुब्बा क्षेत्र के हरमका गांव में अब्दुल्लाही यारे को मार गिराया गया। बयान में यह भी कहा गया कि अब्दुल्लाही यारे शबाब ग्रुप का सबसे कुख्यात सदस्यों में से एक था और प्रमुख उपदेशक भी था।
अमेरिका ने रखा था 30 लाख डॉलर का इनाम
उसे अल-शबाब के पूर्व प्रमुख अहमद अब्दी गोदाने और मौजूदा नेता अहमद दिरिया का करीबी समझा जाता था। अब्दुल्लाही यारे, पैसे के लेन देन का सारा हिसाब भी देखता था। मंत्रालय ने कहा है कि अब्दुल्लाही का खात्मा सोमालिया देश के बहुत बड़ी राहत की बात है। अब्दुल्लाही उन सात टॉप के आतकियों में एक था जिनको अमेरिका ने साल 2012 में वांछित किया था। सोमालिया में हाल ही में कई घातक हमले देखने को मिले हैं, जिसके बाद राष्ट्रपति हसन शेख मोहम्मद ने इन आतंकियों के खिलाफ एक मोर्चा खोल दिया था और युद्धस्तर पर काम किया जा रहा था। हाल ही में राजधानी मोगादिशु में एक होटल पर हमला किया गया था जिसमें 20 लोग मारे गए थे।












Click it and Unblock the Notifications