VIDEO: इंडोनेशिया में भड़का सिनाबुंग ज्वालामुखी, कई किलोमीटर की ऊंचाई तक उठी राख
जकार्ता। इंडोनेशिया में चर्चित माउंट सिनाबुंग ज्वालामुखी एक बार फिर से भड़क उठा है। जिसकी कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। ये ज्वालामुखी उत्तरी सुमात्रा के कारो में स्थित है। जिससे पूरा आसमान धुंधला नजर आ रहा है और इससे इतनी राख निकल रही है कि आकाश में दो किलोमीटर ऊंचा धुंआ उठा हुआ है। जो किसी धुंए के पहाड़ की तरह दिख रहा है। हैरानी की बात ये है कि ज्वालामुखी के फटने से निकलने वाली ये राख 30 किलोमीटर दूर तक पहुंच गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस इलाके से गुजरने वाले यात्री विमानों को भी सतर्क कर दिया गया है।

स्थानीय अखबर जकार्ता पोस्ट के अनुसार, ज्वालामुखी ने शनिवार रात को राख उगलना शुरू किया था, जो करीब एक घंटे तक जारी रहा। जिसके चलते यहां अधिकारियों ने पर्यटकों के साथ साथ स्थानीय लोगों से भी कहा है कि ज्वालामुखी की पहाड़ी से तीन किलोमीटर के दायरे तक दूर ही रहें। इसे लेकर अब भी सतर्कता बरती जा रही है। ऐसा माना जा रहा है कि ज्वालामुखी अभी और भी राख उगल सकता है। जिसके कारण लोगों से सावधान रहने को कहा गया है। हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
लेकिन इस धुंए के कारण फसलें प्रभावित हो रही हैं। यहां के नमन तेरान गांव के रहने वाले एक शख्स का कहना है कि ज्वालामुखी से निकलने वाली गड़गड़ाहट की आवाज पांच किलोमीटर की दूरी पर रहने वाले लोगों को भी सुनाई दे रही है। इस शख्स ने कहा कि ये ज्वालामुखी एक साल पहले भी इसी तरह से भड़का था। फिलहाल अभी गांव वाले अपने खेतों से राख हटाने का काम कर रहे हैं। इस ज्वालामुखी के भड़कने से चार जिले प्रभावित हुए हैं। साथ ही विस्फोट को ध्यान में रखते हुए तीसरे स्तर का अलर्ट भी जारी कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications