पाकिस्तान के PM शहबाज शरीफ आज दे सकते हैं इस्तीफा, जानिए केयरटेकर प्रधानमंत्री बनने की रेस में कौन हैं आगे?
Pakistan News: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ आज इस्तीफा दे सकते हैं और पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शहबाज शरीफ आज राष्ट्रपति आरिफ अल्वी को नेशनल असेंबली को भंग करने के लिए सारांश भेज सकते हैं।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मंगलवार को इस्लामाबाद में एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा था, कि "हमारा (गठबंधन सरकार का) कार्यकाल पूरा करने के बाद, मैं नेशनल असेंबली को भंग करने के लिए पाकिस्तान के राष्ट्रपति को लिखूंगा।"

आज पाकिस्तान की संसद होगी भंग!
शहबाज शरीफ ने कहा था, कि कार्यवाहक सेटअप अब सरकार की बागडोर संभालेगा।
पाकिस्तान की मौजूदा नेशनल असेंबली का कार्यकाल 12 अगस्त को खत्म हो जाएगा और अगर यह अपना निर्धारित समय पूरा कर लेती है, तो 60 दिनों के भीतर चुनाव होने की उम्मीद है। हालांकि, संविधान कहता है, कि यदि विधानसभा अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले भंग हो जाती है तो चुनाव 90 दिनों के भीतर होने चाहिए।
लेकिन, काउंसिल ऑफ कॉमन इंटरेस्ट्स (सीसीआई) ने पिछले हफ्ते अपनी बैठक में 2023 की जनगणना को मंजूरी दे दी, लिहाजा नवंबर में होने वाले आम चुनावों में अब अगले साल तक देरी होने की संभावना है, क्योंकि पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) को अब जनगणना के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों में परिसीमन कराना आवश्यक है।
सीसीआई की बैठक के बाद जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, कि नए जनगणना परिणामों को चार मुख्यमंत्रियों सहित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी है।
इससे पहले मंगलवार को, नेशनल असेंबली में विपक्ष के नेता राजा रियाज़ ने कहा था, कि वह कार्यवाहक प्रधान मंत्री के नाम पर परामर्श करने के लिए बुधवार, यानि आज प्रधान मंत्री शहबाज़ शरीफ से मुलाकात करेंगे।
संविधान के तहत, अगर केयरटेकर प्रधानमंत्री को लेकर प्रधानमंत्री और विपक्ष के नेता के बीच, किसी नाम पर सहमति नहीं बन पाती है, तो मामला संसदीय समिति को भेजा जाएगा और अगर संसदीय समिति भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंचती है, तो मामला पाकिस्तान चुनाव आयोग पर छोड़ दिया जाएगा।
केयरटेकर पीएम बनने की रेस में कौन आगे?
हालांकि, शहबाज शरीफ आज इस्तीफा दे सकते हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक केयरटेकर प्रधानमंत्री के लिए किसी भी नाम की तरफ इशारा नहीं किया है।
डॉन न्यूज के शो 'लाइव विद आदिल शाहजेब' में एक इंटरव्यू के दौरान नामांकित व्यक्तियों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, कि अब तक कोई भी नाम शॉर्टलिस्ट नहीं किया गया है। शहबाज शरीफ ने कहा, कि केयरटेकर प्रधानमंत्री के नाम को लेकर सहयोगी पार्टियों के साथ बातचीत चल रही है और ये प्रक्रिया एक या दो दिनों में पूरी हो जाएगी।
डॉन की रिपोर्ट में कहा गया है, कि पाकिस्तान पूर्व वित्त मंत्री डॉ हफीज शेख, जो शहबाज शरीफ की पार्टी के नेता हैं और शरीफ परिवार के वफादार हैं, उनका नाम केयरटेकर प्रधानमंत्री की लिस्ट में सबसे आगे है और डॉन ने सूत्रों का हवाला देते हुए बताया है, कि सत्तारूढ़ गठबंधन ने कार्यवाहक प्रधान मंत्री पद के लिए नाम पर आम सहमति बना ली है, लेकिन किसी विवाद से बचने के लिए नामित व्यक्ति को की पहचान गुप्त रखी जा रही है।
जैसे-जैसे अटकलें बढ़ती जा रही हैं, डॉ. हाफीज शेख को सबसे मजबूत दावेदार बताया जा रहा है। वह उन टेक्नोक्रेटों में से एक हैं, जिनके बारे में माना जाता है, कि वे सभी मुख्यधारा के राजनीतिक दलों के लिए स्वीकार्य हैं और जब भी देश में अंतरिम सरकार स्थापित होती है, तो उनके नाम पर हमेशा विचार किया जाता है।
उनके अलावा, कार्यवाहक पीएम के लिए कई संभावित नाम पाकिस्तानी मीडिया में घूम रहे हैं। इनमें वित्त मंत्री इशाक डार, पूर्व प्रधान मंत्री और पीएमएल-एन से अलग हुए नेता शाहिद खाकन अब्बासी, पीएम के पूर्व प्रधान सचिव फवाद हसन फवाद, पाकिस्तान के पूर्व मुख्य न्यायाधीश तसद्दुक हुसैन जिलानी, पाकिस्तान के संयुक्त राष्ट्र के पूर्व स्थायी प्रतिनिधि अब्दुल्ला हुसैन हारून शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications